पानीपत। बुआना लाखू गांव में कोच प्रवीन कुमार अपनी एकेडमी के माध्यम से युवाओं को मुक्केबाजी (बॉक्सिंग) के गुर सिखाकर उनकी प्रतिभा को निखार रहे हैं। हाल ही में उन्होंने गांव में अपनी नई बॉक्सिंग एकेडमी की शुरुआत की है। इससे पहले वे एक अन्य एकेडमी में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे थे।
कोच प्रवीन कुमार ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से युवाओं को मुक्केबाजी का प्रशिक्षण दे रहे हैं। पहले वे दूसरी एकेडमी में कोच के रूप में कार्यरत थे, लेकिन अब उन्होंने अपने गांव में दादा लाखू बॉक्सिंग एकेडमी शुरू की है। वर्तमान में यहां 15 से 20 खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास कर रहे हैं। इनमें से कई खिलाड़ी राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि उनकी एकेडमी में केवल बुआना लाखू ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों के युवा भी प्रशिक्षण लेने आते हैं। ग्रामीण क्षेत्र के युवा खेलों में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए एकेडमी में हॉस्टल की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
कोच प्रवीन ने बताया कि खिलाड़ियों की फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया जाता है और उन्हें हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, ताकि अभ्यास के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। एकेडमी में सुबह और शाम नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं से पहले खिलाड़ियों को विशेष अभ्यास कराया जाता है, जिससे वे बेहतर प्रदर्शन कर सकें। वर्तमान में युवाओं में बॉक्सिंग के प्रति अच्छा रुझान देखने को मिल रहा है।