पानीपत। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 24 अप्रैल को आयोजित हो रहे गुरु तेग बहादुर साहिब के 400वें प्रकाश उत्सव की तैयारियों का सोमवार को जायजा लिया। सोमवार को वह सेक्टर 13-17 स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को प्रकाश उत्सव की तैयारियों के संबंध में दिशा निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में देश एवं प्रदेश से सिख समाज, अनुयायी और सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के लोग भाग लेंगे। गुरु तेग बहादुर के बलिदान और उनकी शिक्षाओं की आम जनता तक पहुंचाया जाएगा। सभी उनकी शिक्षाओं से प्रेरणा ले सकेंगे। यह एक धार्मिक और उल्लास से पूर्ण कार्यक्रम होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु तेग बहादुर और उनके पूरे परिवार के बलिदान को युवा पीढ़ी जान सकेगी। गुरु तेग बहादुर ही नहीं गुरु गोबिंद सिह और उनके चार पुत्रों ने भी देश की बलिदान दिया, जिसे भुलाया नहीं जा सकता है। शायद ही इस तरह का बलिदान विश्व में किसी अन्य परिवार ने दिया हो। उन्होंने कहा कि गण्यमान्यों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। उपायुक्त सुशील सारवान ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम से संबंधित समस्त जानकारी उपलब्ध कराई।
विपक्ष को किया जाएगा आमंत्रित
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम है। यह किसी पार्टी का कार्यक्रम नहीं है बल्कि हरियाणा सरकार का कार्यक्रम है और सबका साझा है। इस कार्यक्रम में विपक्ष को भी आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए चंडीगढ़ में ऑर्गेनाइजिंग कमेटी की बैठक में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा शामिल हुए थे। राजनीति से ऊपर उठकर धार्मिक और सामाजिक में सभी का सहयोग रहेगा।
ये लोग रहे मौजूद
इस मौके पर सांसद संजय भाटिया, ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा, शहरी विधायक प्रमोद विज, मेयर अवनीत कौर, पूर्व मंत्री कृष्णलाल पंवार, भाजपा जिला अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर रणदीप घणघस, जिला महामंत्री कृष्ण छौक्कर, इसराना साहिब गुरुद्वारा से बाबा राजेंद्र सिंह, सहित पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन, पंजाबी साहित्य अकादमी के उपाध्यक्ष गुरविंद्र सिंह धमीजा सहित भारी संख्या में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पानीपत। 400वें प्रकाश उत्सव को लेकर सैक्टर 13-17 पानीपत में होने वोल कार्यक्रम को लेकर पहुंचे मुख्यमं- फोटो : Panipat