पानीपत। शहर के चार सेक्टरों में सफाई का टेंडर करीब तीन साल के बाद सिरे चढ़ पाया है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने एक एजेंसी को एक साल की अवधि के लिए सेक्टरों में सफाई का ठेका दिया है।
इस पर हर साल 3.77 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सेक्टरों की आरडब्ल्यूए ने सफाई के टेंडर और मूलभूत सुविधाओं की मांग के लिए कई बार प्राधिकरण के कार्यालय का घेराव किया और धरने प्रदर्शन तक किए। इन सालों में प्राधिकरण के 12 कार्यकारी अधिकारियों का तबादला हुआ।
मेयर कोमल सैनी और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के भाई हरपाल ढांडा ने सोमवार को प्राधिकरण के सेक्टर-18 स्थित कार्यालय से सफाई कार्य के लिए वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यकारी अधिकारी विकास ढांडा ने बताया कि चार सेक्टरों में सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा उठान का ठेका हरियाणा मैन पावर फर्म को दिया है।
यह हिसार की फर्म है। फर्म के संचालक रतन सैनी ने बताया कि सेक्टरों में बेहतर सफाई का प्रयास रहेगा। किसी भी व्यक्ति को शिकायत का मौका नहीं देंगे। मेयर कोमल सैनी ने कहा कि शहर को साफ सुथरा बनाया जाना है। इसके लिए लगातार काम किया जा रहा है। नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में सफाई का कार्य तेजी से चल रहा है। चार सेक्टरों में सफाई का टेंडर न होने से परेशानी आ रही थी।
धनराशि अधिक होने के कारण रद्द कर दिए थे टेंडर ः शहर के चार सेक्टरों की सफाई का जिम्मा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के पास है। जबकि बाकी सात सेक्टरों का जिम्मा नगर निगम के पास है। नगर निगम अपने स्तर पर एजेंसियों को साफ सफाई और कूड़ा उठान का ठेका दे चुका है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने पिछले दो साल कई बार सफाई का टेंडर लगाया लेकिन अधिक धनराशि होने के चलते प्रशासक व मुख्यालय के स्तर पर इसको रद्द कर दिया गया।