पानीपत। व्यापार में करोड़ों रुपयों की धोखाधड़ी के मामले में पांच साल से फरार चल रहे आरोपी सीआईए-2 ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के लिए आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश कर सात दिन के रिमांड पर लिया है।
सीआईए-2 प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि थाना समालखा में वर्ष 2016 में एसएसए इंटरनेशनल लिमिटेड 67 माइलस्टोन, भोड़वाल माजरी के असिस्टेंट मैनेजर संजीव ने शिकायत दी थी कि उनकी कंपनी का चरखी दादरी स्थित राधे कृष्णा ट्रेडर्स के मालिक विपिन गोयल के साथ व्यापारिक लेनदेन है। हाल में विपिन गोयल दिल्ली के शहादरा में रहते हैं। उनकी कंपनी को तेल बेचा था। राधे कृष्णा ट्रेडर्स ने बदले में सी-फार्म और बकाया राशि दे दी।
सी-फार्म को उन्होंने सेल टैक्स विभाग में जमा करवा दिया था। सेल टैक्स विभाग ने जांच की तो तीनों सी-फार्म जाली पाए गए। इसके एवज में सेल टैक्स विभाग ने सी-फार्म के करीब 1.10 करोड़ रुपये उनके रिफंड से काट लिए। इस प्रकार राधे कृष्णा ट्रेडर्स के मालिक विपिन ने जाली सी-फार्म देकर उसके साथ व्यापार में 1.10 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने की वारदात को अंजाम दिया।
संजीव की शिकायत पर आरोपी विपिन के खिलाफ थाना समालखा में धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर गहनता से छानबीन आरंभ कर दी गई थी। आरोपी विपिन को सोमवार देर शाम दिल्ली के शहादरा से गिरफ्तार किया और मंगलवार को न्यायालय में पेश कर सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।