पानीपत। हारे के सहारे की जय..., खाटू वाले श्याम धनी की जय... जयकारों से गुंज उठा चुलकाना धाम। पौष मास की कृष्ण पक्ष की एकादशी पर चुलकाना धाम पर श्याम बाबा के दर्शन को श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ पड़ी।
धाम पर सुबह ही श्रद्धालुओं की लाइन लगनी शुरू हुई और शाम तक चलती रही। लोगों ने श्याम बाबा के दर्शन कर अपनी मनोकामना मांगी। धाम श्याम बाबा के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर के प्रधान रोशनलाल छौक्कर ने बताया कि धाम पर पहले की अपेक्षा प्रत्येक दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही रहने लगी है।
एकादशी और द्वादशी पर यह भीड़ बढ़ जाती है। सोमवार को एकादशी पर बाबा के दर्शन के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु सुबह ही पहुंचने लगे और शाम तक आते रहे। मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए लाइन की व्यवस्था की गई है जिससे किसी को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न हो। इसके लिए सेवादार भी मंदिर में हर समय उपस्थित रहते हैं जो व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाते हैं। एकादशी पर धाम बाबा के जयकारों से पूरा दिन गूंजता रहा। परढाना गांव के सुनील ने बताया कि उनकी पत्नी एकादशी का व्रत करती हैं। वह प्रत्येक एकादशी पर चुलकाना धाम जाकर बाबा के दर्शन करती हैं और अगले दिन शुभ मुहूर्त में ही व्रत का पारण करती हैं। वे अपने पत्नी के साथ सुबह करीब छह बजे घर से चुलकाना धाम के लिए निकले थे।
धाम पर भीड़ होने के कारण उन्हें आना-जाने, बाबा के दर्शन करने में करीब तीन घंटे का समय लगा। मंदिर में बाबा के दर्शन व प्रसाद की उचित व्यवस्था रही जिससे उन्हें भीड़ ज्यादा होते हुए भी ज्यादा समय नहीं लगा। उनकी पत्नी का मानना है कि बाबा उनकी मनोकामना पूरी करते हैं इसलिए उनकी आस्था दिन-प्रतिदिन गहरा रही है।