पानीपत। चांदनी बाग पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक कॉलोनी में पुलिस ने 14 साल के बच्चे को अवैध रूप से शराब बेचते हुए पकड़ा है। बच्चे का पिता शराब ठेकेदार के पास काम करता था। उसकी कुछ दिन पहले टांग टूट गई। ठेकेदार ने अवैध रूप से शराब बेचने के लिए नाबालिग के कंधे पर शराब से भरा बैग लाद दिया। अब यह बच्चा पकड़ा गया। उस पर केस दर्ज किया गया है। हालांकि उसे बेल पर छोड़ दिया गया।
बलजीत नगर निवासी सुनील एक शराब ठेकेदार के पास काम करता था। सुनील ने ठेकेदार से दो माह पहले ब्याज पर 13 हजार रुपये उधार लिए थे। कुछ पैसे सुनील ने ठेकेदार को वापस कर दिए। 20 दिन पहले सुनील की सड़क हादसे में टांग टूट गई। वह घर पर चारपाई पर है। ठेकेदार ने सुनील पर उधार दिए पैसे लौटाने का दबाव बनाया। सुनील ने अपनी हालत के बारे में बताया लेकिन वह नहीं माना। ठेकेदार ने सुनील को कहा कि जब तक वह ठीक नहीं होता तब तक उसका 14 साल का बेटा उसके लिए काम करेगा। मजबूरन बच्चे को ठेकेदार के पास काम करना पड़ा। ठेकेदार उसको कॉलोनी में शराब बेचने के लिए बाध्य करता था। वह मंगलवार रात को बलजीत नगर में एक दुकान के बाहर रखे तख्त पर बैठकर शराब बेच रहा था। इसकी सूचना चांदनी बाग थाना पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नाबालिग के पास मिले बैग की तलाशी ली तो उसमें देसी शराब की चार बोतल व 16 पव्वे मिले।
चांदनी बाग पुलिस थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि अब तक जांच में सामने आया है कि नाबालिग का पिता शराब बेचता है। अब उसके पिता ने ही बच्चे को शराब बेचने के लिए बैठाया था। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
25सीटीके06..महाकुंभ के लिए सामना को खाना करते संत व भाजपा कार्यकर्ता। संवाद- फोटो : jammu