जिला पुलिस ने पंजाब के पठानकोट में एयरबेस पर हुए आतंकी हमले के बाद शहर समेत जिले में हाई अलर्ट तो जारी कर दिया गया, लेकिन यह अलर्ट महज दिन के वक्त तक ही सिमट गया।
शाम होने पर शहर के नाकों व चौकियों पर सन्नाटा पसर गया। रात के समय गश्ती दल के सिवाय सुरक्षा के अतिरिक्त कोई प्रबंध नजर नहीं आए। पुलिस की सारी सच्चाई सामने आने के बाद भी अधिकारी सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं।
पंजाब में एएसपी समेत तीन लोगों को अगवा करने पर आतंकी हमले के बाद शहर में शनिवार को हाई अलर्ट जारी किया गया। शहर में दिनभर नाकों और सार्वजनिक स्थलों पर वाहनों और लोगों की चैकिंग की गई।
शहर के बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर स्वैट टीम ने लोगों की तलाशी ली। लेकिन शाम होते-होते सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर सन्नाटा पसर गया।
शहर में किसी भी जगह सुरक्षा के कोई बंदोबस्त नजर नहीं आए। शहर के नाके वीरान पड़े रहे। मोर्चे पुलिस जवानों का इंतजार करते रहे। ऐसे में शहर के लोगों की सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे ही नजर आई। वहीं पुलिस के आला अधिकारी सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे ठोक रहे हैं।
सुबह व दिन में यह रहा
शनिवार सुबह शहर के हर नाके पर पुलिसबल तैनात था। यहीं नहीं शहर के अंदर भी कई जगह नाके लगाए गए थे। यहां पर हर गाड़ी व दूसरे वाहनों की बारीकी से चैक किया गया।
बस स्टैंड पर आने-जाने वाली बसों की चैकिंग की गई। रेलवे स्टेशन पर भी स्वैट टीम पहुंची और जीआरपी व आरपीएफ के साथ मिलकर चैकिंग अभियान चलाया।
शहर के रामलाल चौक पर खुद डीएसपी दलबीर सिंह व मॉडल टाउन थाने के अतिरिक्त प्रभारी रामरत्न तैनात रहे। इसके अलावा बलजीत नगर व एनएफएल नाके पर खुद चौकी प्रभारी तैनात रहे।
शाम होते ही खाली हो गए मोर्चे, रात को सन्नाटा
शहर समेत जिले में सुरक्षा जांचने को लेकर पुलिस शाम तक ही तैनात रही। शाम के वक्त मोर्चे खाली हो गए और रात को शहर में चौकियों व थानों के बाहर तक सन्नाटा पसर गया। रामलाल चौक पर बैरीकेड्स खाली दिखे और असंध नाका भी किसी तरह की चैकिंग नहीं मिली। इसके अलावा बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर भी चैकिंग नहीं मिली।
रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा नाममात्र
कई बार पानीपत रेलवे स्टेशन को उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। धमकी के बाद एक दो दिन संदिग्ध लोगों पर नजरें रखी जाती है। बाद में सब धीमा पड़ जाता है। मौजूदा हालात ये है कि रेलवे स्टेशन पर मेटल डिटेक्टर भी नहीं है। आतंकी बिना किसी रोक टोक के अपने मंशूबों में कामयाब हो सकते हैं।
शहर में हाईअलर्ट जारी है। शहर में पुलिस के द्वारा संदिग्ध लोगों की तलाशी ली जा रही है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर पुलिस की कड़ी नजर है। शहर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। लोगों की सुरक्षा में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही मिलती है तो उस पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
अनिल कुमार, प्रवक्ता पुलिस पानीपत।