पानीपत। सीबीएसई और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा आयोजित की जा रही हैं। शुक्रवार को सीबीएसई 10वीं में हिंदी और 12वीं में फाइनेंशल मार्केट मैनेजमेंट, ब्यूटी एंड वेलनेश तथा मेडिकल डायग्नोस्टिक विषय का पेपर रहा। वहीं हरियाणा बोर्ड में 10वीं की परीक्षा शुरू हुई। पहले दिन गणित विषय का पेपर रहा। शिक्षा अधिकारियों शांतिपूर्ण के दावों के बीच कई केंद्रों पर खूब नकल चली। जिला में नकल के दो मामले पकड़े गए।
सीबीएसई के 18 और हरियाणा बोर्ड के 75 परीक्षा केंद्र हैं। परीक्षा केंद्रों पर उड़नदस्तों की नजर रही। विभिन्न टीमों ने केंद्रों का निरीक्षण किया। हरियाणा शिक्षा बोर्ड की ओर से भी नकल रोकने के व्यापक प्रबंध किए गए थे। हरियाणा शिक्षा बोर्ड की ओर से परीक्षा के नोडल अधिकारी सुरेश बाल्यान ने बताया कि भिवानी बोर्ड सहित जिला शिक्षा विभाग की ओर से गठित उड़नदस्तों की टीमों ने 20 से अधिक परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डाहर व जाटल के परीक्षा केंद्र से दो परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गए। दोनों परीक्षार्थियों का यूएमसी बनाया गया है। कुछ केंद्रों को छोड़ सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण रही।
परीक्षा को लेकर सीबीएसई व हरियाणा बोर्ड के विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। परीक्षा देकर लौटे सीबीएसई के विद्यार्थियों लविश व कीर्ति ने बताया कि आज उनका हिंदी विषय का पेपर था। पेपर बेहद सरल रहा। हालांकि पेपर लंबा होने के कारण तय समय में वे दो प्रश्नों का उत्तर नहीं लिख पाए लेकिन परीक्षा में उन्हें 70 से अधिक अंक आने की उम्मीद है। वहीं, हरियाणा बोर्ड के विद्यार्थियों संतोष कुमार व अजय ने बताया कि गणित विषय के सवाल मिले-जुले रहे। हालांकि उन्होंने परीक्षा की बेहतर तैयारी की है जिससे उन्हें 80 से अधिक आने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि शनिवार 01 मार्च व रविवार 02 मार्च को हरियाणा बोर्ड कक्षा 10वीं, 12वीं का अवकाश रहेगा। एक मार्च को सीबीएसई की 10वीं कक्षा का पेंटिंग व 12वीं कक्षा का इंजीनियरिंग ग्राफिक्स, होर्टिकल्चर, कोस्ट अकाउंट, लाइब्रेरी एंड इन्फार्मेशन साइंस विषय का पेपर होगा।
नकल रोकने के दावे दिखे बेमानी : हरियाणा बोर्ड के अधिकारी शांतिपूर्ण व नकल रहित परीक्षा का दावा कर रहे हैं। लेकिन स्थिति इसके विपरीत है। राजकीय वमा विद्यालय जाटल व डाहर समेत विभिन्न केंद्रों विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर बाहरी तत्वों द्वारा नकल करवाने के खूब प्रयास किए गए। केंद्र के बाहर व दीवारों पर नकल करवाने के लिए खूब भीड़ लगी रही। पुलिस कर्मी भी मूकदर्शक बने रहे।