पानीपत। विधानसभा आम चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में है। पुलिस की विभिन्न टीमें अलग अलग प्वाइंट पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही है। वीरवार देर शाम चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थान पर सात गाड़ियों से पुलिस ने 19 लाख 85 हजार की नकदी बरामद की है। सही जानकारी न देने पर पुलिस ने कैश कब्जे में लेकर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में एफएसटी टीम के हवाले कर दिया। एफएसटी टीम ने कैश ट्रेजरी में जमा करवा दिया। इससे पहले भी पुलिस 48 वाहनों से एक करोड़ 38 लाख से ज्यादा कैश बरामद कर चुकी है। आचार संहिता लगने के बाद से 50 हजार रुपये से ज्यादा की राशि बिना सबूत के लाने ले जाने पर पाबंदी है।
थाना माडल टाउन पुलिस ने वीरवार देर शाम आठ मरला चौक पर एक कार से 11 लाख 70 हजार की नकदी बरामद की। पैसे कार में आगे वाली सीट के पास बैग में रखे थे। कार चालक ने अपनी पहचान माडल टाउन निवासी के रूप में बताई। शहर यातायात पुलिस ने जीटी रोड पालीवाल कट पर पानीपत नंबर एक कार से 1 लाख 45 हजार रुपये, अनाज मंडी कट पर दिल्ली नंबर कार से 98 हजार रुपये, थाना सनौली पुलिस टीम ने सनौली नाका पर दिल्ली नंबर एक कार से 88 हजार रुपये बरामद किए। इसी प्रकार थाना किला पुलिस ने देवी मंदिर के पास पानीपत नंबर स्कूटी से 87 हजार रुपये, यहीं पर पानीपत नंबर एक कार से 2 लाख 60 हजार रुपये की नकदी बरामद की।