पानीपत। सेक्टर-6 में एक सरकारी स्कूल के प्रवक्ता और उनकी किरायेदार के घर से लाखों रुपये की ज्वेलरी और नकदी चोरी कर ली गई। दोनों ने नौकरानी पर शक है। वह इसके बाद काम पर नहीं आ रही है। सेक्टर-13-17 थाना पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सेक्टर-6 निवासी नरेश वर्मा ने बताया कि वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय उग्राखेड़ी में प्रवक्ता है। वह सेक्टर-6 स्थित एक मकान की पहली मंजिल पर किराये पर रहते हैं। उनके घर में साफ-सफाई और कामकाज के लिए शालिनी नाम की महिला आती थी। वह एक अक्तूबर को मौका पाकर उनके घर से करीब 15 ग्राम सोने का मंगलसूत्र चोरी कर ले गई। वारदात के अगले ही दिन से उसने घर आना बंद कर दिया। उसने उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो उसने अपने गांव जाने की बात कही। उन्होंने अपने मकान मालिक मनोज यादव के साथ चर्चा की। मनोज यादव ने बताया कि उनके घर से भी चांदी की एक अंगूठी और 1100 रुपये की नकदी चोरी किए गए हैं। सेक्टर-13/17 थाना प्रभारी दीपक ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। आरोपी महिला की तलाश में दबिश दी जा रही है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ब्यूरो