पानीपत। चांदनी बाग थाना पुलिस ने पुरानी सब्जी मंडी में दो व्यक्तियों को बम पटाखे बेचते हुए पकड़ा है। पुलिस ने इनके पास से बम पटाखों की खेप बरामद की है। पुलिस ने इनसे बम पटाखे बरामद कर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
चांदनी बाग पुलिस थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि पुरानी सब्जीमंडी में दो युवक बम पटाखे बेच रहे हैं। इसी सूचना पर उनकी टीम मौके पर पहुंची। यहां से दो युवकों को दुकान के सामने फॉल्डिंग पर बम पटाखे बेचते हुए पकड़ा। इनकी पहचान कैप्टन मार्केट निवासी तेजपाल व न्यू रमेश नगर निवासी रमेश कुमार के रूप में हुई। इनके पास मिनी बुलेट बम के 150 पैकेट , एक्सेल बिग बुलेट बम के 60 पैकेट, सुतली बम के छह पैकेट, मुर्गा छाप बम के 82 पैकेट, पोप कोर्न बम के 35 पैकेट , मैजिक पोप बम के 10 पैकेट, फ्लोवर डिलेक्स अनार बम के 60 पैकेट समेत बम काफी मात्रा में मिले।