पानीपत। सेक्टर 13/17 थाना पुलिस ने अंसल सुशांत सिटी स्थित एक स्पा सेंटर संचालक समेत चार के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला 10 जुलाई की रात का है। युवक के साथ मारपीट व धक्का-मुक्की कर छत से नीचे गिराने का आराेप है। घायल युवक की बहन ने पुलिस काे शिकायत के साथ सीसीटीवी फुटेज भी दी है।
दिल्ली निवासी रोजी ने शिकायत में बताया कि उसका भाई विकास अंसल स्थित एक होटल में नाैकरी कर रहा था। 10 जुलाई की रात 8:30 बजे स्पा सेंटर में काम करने वाली लड़कियां पूजा व राधिका ने उसके भाई विकास का रास्ता रोककर मारपीट की। इसी बीच भाई पर हमला करने की मंशा से अल्ताफ अंसारी नामक युवक नीचे से लोहे की रोड लेकर आया। उसने विकास काे धक्का देकर छत से गिरा दिया। इस वजह उसके पैर की हड्डी टूट गई।
एक अज्ञात युवक ने बर्फ फोड़ने वाले सुए से बाजू पर कई वार किए। उसके भाई का बरसत रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्पा सेंटर संचालिका डिंपल उन पर समझौते का दबाव बना रही है। पुलिस ने इसमें संचालिका और दो लड़कियों समेत चार पर केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। ब्यूरो