पानीपत। ट्रेनों का संचालन निरंतर विलंब से होने के कारण यात्रियों को इस भीषण गर्मी में मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को 12 ट्रेनें देरी से रेलवे स्टेशन पर पहुंचीं। इसके चलते यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है। इससे यात्री परेशान नजर आए।
ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्री सरोज, नितिन और बलराज ने बताया कि हम घंटों से ट्रेन के आने इंतजार कर रहे हैं। विभाग द्वारा ट्रेनों का संचालन समय से न किए जाने के कारण यात्री समय से अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे यात्रियों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को नई दिल्ली स्पेशल समर स्पेशल सवा तीन घंटे की देरी से पहुंची। इसी तरह धनबाद स्पेशल फेयर गरीब रथ स्पेशल डेढ़ घंटे, कुरुक्षेत्र दिल्ली एमईएमयू 42 मिनट, आम्रपाली एक्सप्रेस 40 मिनट, दिल्ली पानीपत एमईएमयू 46 मिनट की देरी से पहुंची। वहीं संबलपुर एक्सप्रेस 31 मिनट, अंबाला कैंट पानीपत एमईएमयू 26 मिनट, सचखंड एक्सप्रेस 29 मिनट की देरी से पहुंची। इसी तरह मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस 24 मिनट,जम्मू मेल 21 मिनट, हिमाचल एक्सप्रेस और नेताजी एक्सप्रेस 25 मिनट की देरी से पहुंचीं।