संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। जीटी रोड हाईवे पर मनाना फ्लाईओवर पर रविवार दोपहर को पिकअप के पहिए में पंक्चर लगाते समय कार ने मिस्त्री सुनील (38) निवासी करहंस व पिकअप चालक जावेद (32) को कुचल दिया।
हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही कार और पंक्चर मिस्त्री का टैंपो भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है।
उधर, कार चालक मौके से फरार हो गया। समालखा यातायात पुलिस प्रभारी राजेश कुंडू ने बताया कि रविवार दोपहर को यूपी नंबर की एक पिकअप का टायर मनाना फ्लाईओवर पर पंक्चर हो गया।
राजेश कुंडू ने फोन पर करहंस निवासी पंक्चर मिस्त्री सुनील से बात की और उसे पंक्चर जोड़ने के लिए बुला लिया। सुनील अपना टैंपो लेकर मौके पर पहुंचे और टैंपो साइड में खड़ा कर पंक्चर जोड़ने लगे। उसी समय समालखा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने टैंपो को जोरदार टक्कर मार दी। जिसकी चपेट में पंक्चर लगा रहे सुनील और पास में खड़े जावेद भी आ गए। दोनों को गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर समालखा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों के शव कब्जे में लिए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से हाईवे से वाहनों को भी हटवाया और रास्ता साफ कराया। साथ ही दोनों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी।
उधर हादसे के बाद कार चालक अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुनील का फाइल फोटा। परिजन
सुनील का फाइल फोटा। परिजन