सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में चर्चा करते उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया। स्रोत : सूचना विभ
पानीपत। अधिकारी सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की बैठक में लिए फैसलों को दो से तीन महीने बाद भी धरातल पर लागू नहीं कर पाए। सोमवार को 21 सूत्रीय एजेंडे पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इनमें ज्यादातर पिछली बैठकों में पास प्रस्ताव शामिल किए गए। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने अधिकारियों को धरातल पर काम करने की सख्त हिदायत दी है।
जिला सचिवालय में सोमवार को बैठक में फरवरी व मार्च 2025 और 2026 के सड़क हादसों, मृतकों और घायलों के मामलों की समीक्षा की । इसके साथ ही विभिन्न महीनों की एक्सीडेंट रिपोर्ट, लंबित मामलों और नए बिंदुओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़े मुद्दों में एनएच-44 के चौड़ीकरण, पानीपत फ्लाईओवर पर आरसीसी बैरियर लगाने और एनएच-709 इसराना क्षेत्र में खराब पड़ी सर्विस रोड को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया गया। इन तीनों मुद्दे पर तीन महीने पहले बैठक में फैसला लिया गया था।
पानीपत-रोहतक नेशनल हाईवे पर डाहर टोल प्लाजा पर रोड सेफ्टी उपकरणों की कमी को गंभीरता से लिया। उपायुक्त ने जल्द सुधार के निर्देश दिए। वहीं शहर में जीटी रोड और गोहाना, जाटल व असंध रोड फ्लाईओवर पर नॉइज बैरियर लगाने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। इसके अलावा बरसत रोड के सामने कट खोलने, एनएच-44 दिल्ली-पानीपत लेन पर मच्छरौली गांव के पास सर्विस लेन कट खोलने और पुलिस लाइन के पास एग्जिट पॉइंट बनाने पर भी चर्चा की। महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर में पिंक ऑटो रिक्शा सेवा शुरू करने की योजना पर चर्चा की। इस पर तीन महीने पहले फैसला लिया था। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि शहर में यातायात दबाव को कम करने के लिए रिंग रोड निर्माण के लिए हाई अथार्टी के पास केस भेजा गया है। इसके अलावा एलिवेटेड बस स्टैंड, आजाद नगर के पास रेलवे अंडरपास, बरसात रोड से ड्रेन नंबर-2 तक मिनी बाईपास और विभिन्न स्थानों पर पैदल यात्रियों के लिए सेफ्टी रेलिंग लगाने के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की। सभी टोल प्लाजा पर धर्म कांटा (वजन मापने की व्यवस्था) स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। साथ ही सड़क दुर्घटना पीड़ितों को बेहतर चिकित्सा सुविधा और कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस विभाग निरंतर प्रयासरत है। नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है और यातायात जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। आने वाले समय में ट्रैफिक प्रबंधन को और मजबूत किया जाएगा, ताकि सडक़ हादसों में कमी लाई जा सके और नागरिकों को सुरक्षित परिवेश मिल सके। इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार, सीएमओ डाॅ. विजय मलिक, डीएसपी सुरेश सैनी, डीईओ राकेश बूरा, डीईईओ सुभाष भारद्वाज और आरटीए डॉ. नीरज जिंदल मौजूद रहे।