रिवाॅल्वर की बट से मारकर युवक से लूटी कार
- रिवाल्वर तानकर बोले- भाग जा, नहीं तो गोली मार देंगे, फोन व 7500 रुपये भी लूटे
- गोपाल कॉलोनी के पास दिया वारदात को अंजाम, पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को दी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। गोपाल कॉलोनी में बाइक सवार छह बदमारों ने रिवाल्वर का बट मारकर एक युवक से आई-20 कार लूट ली। युवक करनाल के गगसीना गांव से दोस्त की शादी में शामिल होकर घर लौट रहा था। बदमाशों ने उस पर रिवाॅल्वर तानकर गोली मारने की धमकी दी। उसके फोन और पर्स भी छीन लिया। पर्स में 7500 रुपये थे। पुराना औद्योगिक थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
गोपाल कॉलोनी निवासी राजू ने पुलिस को बताया कि वह 22 फरवरी को गगसीना गांव में अपने दोस्त की शादी में गया था। 23 फरवरी को रात करीब साढ़े 12 बजे अपने दोस्त की आई-20 गाड़ी से अकेले घर लौट रहा था। वह गोपाल कॉलोनी के पास पहुंचा तो पीछे से तीन बाइकों पर छह युवक आए और उसकी गाड़ी के आगे बाइक अड़ा दी। वे गाड़ी के शीशे को जोर से खटखटाने लगे। उसने खिड़की खोली तो एक आरोपी ने सिर में रिवाॅल्वर की बट से मार दिया। दूसरे आरोपी ने उसे गाड़ी से खींचकर नीचे गिरा दिया।
चाबी, फोन और रुपये लूटे
राजू ने बताया कि बदमाशों ने सड़क पर गिराकर रिवाल्वर तान दी। उससे गाड़ी की चाबी, एक फोन और 7500 रुपये लूट लिए। उसकी छाती पर रिवाॅल्वर लगाकर बोले भाग जा, नहीं तो गोली मार देंगे। वह डर के मारे भाग गया।
बदमाशों की धरपकड़ में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुराना औद्योगिक थाना और सीआईए की टीम बदमाशों की धरपकड़ में जुटी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है।
- नरेंद्र कुमार, प्रभारी, पुराना औद्योगिक थाना पुलिस।