माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। थाना इसराना क्षेत्र के सिवाह गांव के पास शुक्रवार रात एक ब्रेजा कार दिल्ली पैरलल नहर में गिर गई। हादसे के समय चालक ने किसी तरह कार का शीशा खोलकर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सुबह जब पुलिस और चालक मौके पर पहुंचे तो कार घटनास्थल से करीब 600 मीटर दूर रोहतक बाइपास पुल के पास मिली। पुलिस ने गोताखोरों और हाइड्रा मशीन की मदद से कार को नहर से बाहर निकलवाया।
सोनीपत निवासी सुनील दहिया ने बताया कि वह शुक्रवार रात करीब 10 बजे रिफाइनरी रोड से दिल्ली पैरलल नहर की पटरी के रास्ते सोनीपत जा रहे थे। जब वह सिवाह गांव के पास टूटी पुलिया के नजदीक पहुंचे तो सामने से तेज रफ्तार ट्रक आ गया। ट्रक चालक ने साइड नहीं दी और उसकी तेज लाइट के कारण सड़क दिखाई नहीं दी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।
सुनील ने बताया कि नहर में गिरते ही कार में पानी भरने लगा और वह तेजी से डूबने लगी। उन्होंने किसी तरह कार का शीशा खोलकर बाहर निकलने में सफलता हासिल की। इसके बाद उन्होंने परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी और रात को कार नहर में ही छोड़कर घर चले गए। सुबह वह घटनास्थल पर पहुंचे तो कार वहां नहीं थी। इसके बाद गोताखोरों की मदद से नहर में तलाश शुरू कराई गई। करीब 600 मीटर दूर रोहतक बाईपास पुल के पास कार मिली, जिसे पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से बाहर निकलवाया।
पत्नी को भेजी थी लोकेशन, फोन पर कहा- कुछ हो जाए तो देख लेना
सुनील ने बताया कि हादसे के दौरान जब कार डूबने लगी तो उन्होंने तुरंत अपनी पत्नी को पहले लोकेशन भेजी और फिर फोन कर कहा कि कार नहर में गिर गई है, अगर कुछ हो जाए तो देख लेना। पत्नी ने फोन पर उन्हें हिम्मत दी और बाहर निकलने का प्रयास करने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने प्रयास कर खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
वर्जन:
रात को साढ़े 10 बजे नहर में कार गिरने की सूचना मिली थी। तुरंत टीम मौके पर भेजी गई थी। उस समय कार चालक सुरक्षित बाहर आ गए थे। शनिवार को कार को भी नहर से बाहर निकाल लिया गया है। -हरिराम, प्रभारी थाना इसराना।