समालखा। समालखा में जीटी रोड नेशनल हाइवे पर बने अवैध कट से एक बार फिर हादसा हो गया। कार चालक ने अचानक कार के ब्रेक लगा दिए। जिससे पीछे से आ रहे मोटरसाइकिल सवार की कार में टक्कर हो गई। हादसे में घरौंडा के शेखपुरा निवासी राकेश (51) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सुबह करीब 11 बजे पानीपत की तरफ से आ रही एक कार जब समालखा के पास पहुंची तो जीटी रोड पर विधायक भड़ाना के आवास के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंची थी। कार चालक ने अवैध कट के रास्ते से नीचे सर्विस लेन पर आने को कार के ब्रेक लगा दिए। उसी समय पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे मोटरसाइकिल सवार की कार में पीछे से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मोटरसाइकिल सवार भी सड़क पर गिरने से घायल हो गया। जिसे तुरंत ही समालखा के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान करनाल के घरौंडा के गांव शेखपुरा के राकेश (51) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति पूजा-पाठ करने का काम करता था।