संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में अंडर-14 कबड्डी में कैंब्रिज स्कूल की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। कैंब्रिज स्कूल टीम के कबड्डी कोच राजेश मलिक की देखरेख में खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। खिलाड़ियोंं ने इस उपलब्धि का श्रेय कोच राजेश मलिक को दिया है। कोच की देखरेख में खिलाड़ी दो साल से कबड्डी का अभ्यास कर रहे हैं। कैंब्रिज स्कूल के खेल मैदान में कोच सुबह-शाम खिलाड़ियों को अभ्यास करा रहे हैं। जिसके फलस्वरूप खिलाड़ियों ने इस मुकाम को हासिल किया है। कैंब्रिज स्कूल के प्रधानाचार्य जितेंद्र कंदौल ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को लेकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कोच राजेश मलिक ने बताया कि खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ी काफी समय से सुबह-शाम मैदान में पहुंचकर पसीना बहा रहे हैं। उन्होंंने बताया कि स्कूल के खिलाड़ियोंं ने कबड्डी में इससे पहले जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक हासिल किए हैं। वह राजाखेड़ी गांव स्थित मलिक स्पोर्ट्स एकेडमी में 50 से अधिक खिलाड़ियों को कबड्डी का प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षण पाकर खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल कर चुके हैं। हाल ही में कबड्डी खिलाड़ी आर्यन मलिक का अंतरराष्ट्रीय खेलों के लिए चयन हुआ है।