संवाद न्यूज एजेंसीसमालखा। भापरा बाईपास रोड पर फैक्टरी के नए बिजली कनेक्शन के लिए खंभा लगाने की खोदाई के दौरान बिजली निगम के ठेकेदार की बर्मा मशीन से बीएसएनएल की मुख्य फाइबर केबल कट गई। इससे मिनी सचिवालय की इंटरनेट सेवा करीब 8.30 घंटे बाधित रही। इंटरनेट सेवा बंद होने से एसडीएम, डीएसपी, तहसील समेत कई सरकारी कार्यालयों का काम प्रभावित हुआ। सरकारी कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एसडीएम ने बिजली निगम के एसडीओ को तलब किया : मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम अमित कुमार ने समालखा सब डिवीजन के बिजली निगम के एसडीओ को तलब किया। उन्होंने केबल कटने से प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने पर नाराजगी जताई और मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। बिजली निगम की ओर से संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है।
15-20 दिन पहले भी कटी थी केबल : बीएसएनएल के बीएनवी मनोज ने बताया कि वीरवार सुबह करीब छह बजे केबल कटने के बाद इंटरनेट सेवा बंद हो गई थी।
टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब साढ़े आठ घंटे की मशक्कत के बाद केबल को ठीक किया। उन्होंने बताया कि करीब 15-20 दिन पहले भी इसी क्षेत्र में ठेकेदार की खोदाई के दौरान केबल कट गई थी। चेतावनी के बावजूद दोबारा ऐसी घटना हुई।
समालखा सब डिवीजन के जेई कुलदीप सिंह ने बताया कि बर्मा मशीन से खुदाई के दौरान बीएसएनएल की केबल कट गई थी। संबंधित ठेकेदार को औपचारिक नोटिस जारी किया जाएगा।