मतलौडा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कवी गांव में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस कैंप के पांचवें दिन कैंप का शुभारंभ भगवान को याद कर व उनका ध्यान कर की गई। आयुर्वेद के व्याख्याता विक्रांत कुंडू व विकास कुंडू ने कैंप की शुरुआत की। उन्होंने बच्चों को मेडिटेशन के लाभ व आयुर्वेद से घरेलू नुस्खे के द्वारा स्वस्थ रहने के मंत्र बच्चों को दिए और बताया कि किस प्रकार से आयुर्वेद का लक्ष्य एक स्वस्थ व्यक्ति को स्वस्थ रखना तथा एक रोगी व्यक्ति को निरोग बनाना ही है। ऐसे नुस्खे को अपनाकर मनुष्य बहुत कम खर्च पर निरोग व एक लंबा जीवन जी सकता है।
निरोगी काया को ही सच्चा सुख बताते हुए उन्होंने बच्चों को अनेक घरेलू नुस्खे बताएं। जिनको अपना कर बच्चे स्वयं व अपने परिवार को रोगों से दूर रख सके। शाम के सेशन में आर्य कन्या गुरुकुल मोर माजरा की प्राचार्य डॉ. गुरमीत कौर ने कैंप में बच्चों को स्वाध्याय, अच्छे व बुरे मित्रों की पहचान व भूमिका, समय का सही उपयोग करने के लिए टाइम मैनेजमेंट बनाना, जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसको प्राप्त करने की दिशा में मूल मंत्र दिए। जिनको प्राप्त करके बच्चे बहुत ही लाभान्वित हुए। उनके साथ कवि गांव के पूर्व सरपंच व वर्तमान में गुरुकुल के मुख्य सचिव रामसिंह भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर कैंप संयोजक रणदीप सिंह व हिंदी प्राध्यापक राजकुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। वह आने वाले अतिथियों को स्कूल प्रांगण का भ्रमण कराया। प्रधानाचार्य डॉ. गुरमीत कौर ने विद्यालय के प्रांगण की साफ सफाई की सराहना की और स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों जैसी सुविधाओं की भूरि भूरि प्रशंसा की।