माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। किला थाना क्षेत्र में रंजिश के चलते वेस्ट कपड़ा कारोबारी और उनके दो दोस्तों पर 10-12 हमलावरों ने लाठी-डंडों व तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। कारोबारी का आरोप है कि हमले के दौरान आरोपी उसकी जेब से 50
हजार रुपये की नकदी भी छीनकर ले गए। घायलों में से दो को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
राजाखेड़ी गांव ओमकार ने बताया कि वह वेस्ट गोदामों से कपड़ा खरीदकर बेचने का काम करता है। करीब एक सप्ताह पूर्व अशोक विहार निवासी मोनू के साथ उसकी कहासुनी हुई थी। इसके बाद मोनू और उसके भाई पप्पू ने उसे धमकी दी थी। वह 25 अगस्त की शाम अपने दोस्त संदीप और उसके भाई तेजपाल के साथ बाइक से जा रहा था। कुछ लोगों ने कुटानी रोड पावर हाउस के पास उनकी बाइक रुकवा ली।
आरोप लगाए कि पप्पू, मोनू, आंसू, कासिम और उनके 10-12 अन्य साथी तीनों पीड़ितों को घसीटते हुए पावर हाउस के पीछे खाली प्लॉटों में ले गए और उन पर हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान उसकी जेब से 50 हजार रुपये भी गायब हो गए। उनको जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। यहां से उसे और तेजपाल को रेफर कर दिया। किला थाना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची।
किला थाना के प्रभारी दीवान ने बताया कि वेस्ट कपड़ा कारोबारी और उसके दोस्तों पर रंजिश के चलते जानलेवा हमला, 50 हजार रुपये छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित ओमकार की शिकायत के आधार पर चार को नामजद कर अन्य साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।