शिवरात्रि तक यात्रियों को हरिद्वार जाने के लिए अब स्टैंड पर बस का इंतजार नहीं करना होगा। रोडवेज प्रबंधन ने सावन माह में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कई अन्य बसों को हरिद्वार चलाने की तैयारी की है। पहले से चल रही बसों का समय निर्धारित है, लेकिन इन बसों का कोई समय निर्धारित नहीं होगा। जैसे ही हरिद्वार जाने वाली सवारियां बस स्टैंड पर पर्याप्त हो जाएंगी, बस को हरिद्वार के लिए रवाना कर दिया जाएगा।
सोमवार रात को भी 8 बजे तक हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को बस से भेजा गया। प्रबंधन का कहना है कि श्रावण मास में यात्रियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होनी दी जाएगी। पहले पानीपत डिपो से हरिद्वार की तरफ 12 बसे ही चलाई जा रही थी। लेकिन अब ये यात्रियों की संख्या के ऊपर निर्भर करेगा कि रोजाना यहां से कितने यात्री हरिद्वार जाते हैं। इसी हिसाब से रोजाना अतिरिक्त बसें हरिद्वार के लिए रवाना की जाएंगी।
गौरतलब है कि इस समय पानीपत रोडवेज डिपो के पास 137 बसें हैं। इनमें से 127 बसें रोड पर चल रही होती हैं, जबकि कुल बसों का करीब 10 प्रतिशत रखरखाव के चलते गैराज में ही खड़ी रहती हैं। वहीं रोडवेज की 17 बसें कंडम हालत में खड़ी हैं। यहां बसों की कमी पहले से ही है। इसके बावजूद रोडवेज प्रबंधन ने शिवरात्रि तक हरिद्वार को जाने वाली बसों की संख्या को बढ़ाया है। हरिद्वार के लिए अब बसे पानीपत बस स्टैंड से सुबह के चार बजे से मिलनी शुरू हो गई हैं। अगर यात्रियों की संख्या सीटों के अनुरूप है तो बसें रात को आठ बजे तक चलाई जा रही हैं। रोडवेज प्रबंधक राहुल जैन ने कहा कि हरिद्वार के लिए पानीपत डिपो से अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं। ये यात्रियों की संख्या के ऊपर निर्भर करता है कि कितनी बसों की आवश्यकता है। बस की सीटों के अनुसार यात्रियों के इकट्ठा होते ही बस चला दी जाती है। किसी भी यात्री को असुविधा न हो इसका ध्यान रखा जा रहा है।