- छोटे भाई ने पुलिस को दी कई जानकारी, पुलिस ने भेजा बाल सुधार गृह
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। तहसील कैंप क्षेत्र में बड़े भाई की हत्या करने के आरोपी छोटे भाई ने पूछताछ में कई खुलासे किए हैं। उसने बताया कि माता-पिता की मौत के बाद दोनों भाई एक साथ रहते थे। बड़ा भाई शराब पीने का आदी था। वह घर का सामान बेचकर शराब पीने लगा था। जिससे उनके बीच विवाद होने लगा था। जिस कारण उसने गुस्से में भाई की हत्या कर दी थी।
तहसील कैंप की एक कॉलोनी में हर्ष (22) की 21 अगस्त को हत्या की थी। छोटे भाई ने शराब का अधिक सेवन करने से मौत होने की बात कही थी। जिससे परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। लेकिन तीन दिन बाद छोटे भाई ने खुद ही हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने अपने चाचा सुरेंद्र को बताया था कि 21 अगस्त को हर्ष ने शराब पीकर मारपीट की थी। इससे पहले भी वह शराब पीकर मारपीट कर चुका था। घर का काफी सामान भी वह बेच चुका था। जिस कारण गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी थी। लेकिन बाद में पछतावा हुआ, उससे रहा नहीं गया तो यह बात कह डाली। चाचा ने अपने नाबालिग भतीजे के खिलाफ थाना तहसील कैंप में मुकदमा दर्ज कराया। सीआईए-1 की टीम को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी गई थी। पुलिस ने उसे बाल सुधार गृह अंबाला भेज दिया है।