पानीपत। एंटी व्हीकल थेप्ट टीम ने मुखीजा कॉलोनी में नहर बाइपास पर एक युवक को देसी पिस्तौल सहित पकड़ा है। आरोपी एक माह पहले पिस्तौल को सहारनपुर से खरीदकर लाया था। आरोपी पर पहले से हत्या व लूट के केस दर्ज हैं। पुलिस ने उससे पिस्तौल बरामद कर कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया है।
एंटी व्हीकल थेप्ट इंचार्ज रोहताश ने बताया कि उनकी एक टीम रविवार रात कोगश्त व जांच पड़ताल के दौरान न्यू मुखीजा कॉलोनी नहर बाइपास पर मौजूद थी। टीम को मुखीजा कॉलोनी की ओर से एक युवक पैदल आते हुए दिखाई दिया। युवक पास आने पर सामने खड़ी पुलिस टीम को देखकर एकदम से वापस मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा। उनकी टीम ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान निखिल उर्फ टिंकू निवासी काबड़ी गांव के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास एक देसी पिस्तौल मिली। पूछताछ में उसने बताया कि वह एक माह पहले सहारनपुर गया था। बस में साइड वाली सीट पर एक युवक बैठा था। उसने यह पिस्तौल उस युवक से 15 हजार रुपये में खरीदी थी। अब पुलिस पिस्तौल बेचने वाले युवक की तलाश में है।