हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई के पुत्र भव्य बिश्नोई ने कहा कि कांग्रेस और इनेलो दोनाें ही जनविरोधी हैं। जनता एक मौका हजकां को दे। पार्टी प्रदेश में एकसमान विकास करेगी। भय, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से निजात दिलाएगी।
भव्य बिश्नोई रविवार को गांव बापौली अनाज मंडी में युवा गर्जना रैली को संबोधित कर रहे थे। जिला युवा हजकां ग्रामीण अध्यक्ष अनिल कौशिक द्वारा आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में युवा पहुंचे। बिश्नोई ने कहा कि हरियाणा का युवा वर्ग आज सरकार की कारगुजारी से निराश हो चुका है। भजनलाल के बाद आई सभी सरकारों ने युवाओं के हितों से खिलवाड़ किया है। रोजगार के नाम पर चौटाला सरकार ने जहां अपने चहेतों की भर्ती के लिए सभी नियम, कायदों को ताक पर रखा, वहीं कांग्रेस सरकार ने क्षेत्रवाद के आधार पर रोजगार देकर युवाओं से धोखा किया।
उन्होंने कहा कि हजकां की सरकार बनने पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बड़े स्तर पर छात्रवृत्ति प्रदान की जाएंगी। सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने के लिए सरकारी शिक्षकों के वेतन में वृद्धि की जाएगी। स्कूली शिक्षा का बजट बढ़ाया जाएगा। हजकां विश्व स्तरीय उच्च शिक्षण संस्थानों को हरियाणा में लाएगी। पिछड़ा वर्ग परिवारों के बच्चे स्कूल जा सकें, इसके लिए भत्ता देने जैसी योजनाएं चलाकर उन्हें प्रेरित किया जाएगा।
इसके अलावा एक परिवार-एक रोजगार योजना द्वारा बेरोजगारी को समाप्त किया जाएगा। उद्योगों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा। छात्रों के लिए बिना ब्याज ऋण सुविधा लागू की जाएगी। बसों के रूट को बढ़ाकर परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। खेलों को बढ़ावा देने के लिए स्कूलों, कॉलेजों के स्तर में सुधार किया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए स्पेशल ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जर्मनी की तरह शिक्षा प्रणाली को आधुनिक बनाया जाएगा। उन्होंने युवाओं को एक परिवार-एक रोजगार, अबकी बार कुलदीप सरकार का नारा दिया।
इस अवसर पर युवा गर्जना रैली आयोजक जिला ग्रामीण हजकां अध्यक्ष अनिल कौशिक, जिलाध्यक्ष डीएन त्यागी, कर्ण सिंह पसीना, राजेंद्र चौधरी, सुरेश गुर्जर, तेजपाल फौजी, रामकुवार रावल, भंवर सिंह एडवोकेट, दीपक, संतोष चौधरी, सतीश शर्मा, वाजिद, ओमप्रकाश कश्यप, आजाद पसीना समेत अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।