दुकान पर किताब लेते अभिभावक। संवाद
- फोटो : Samvad
पानीपत। जिले में नए शैक्षणिक सत्र के बीच सरकारी और निजी स्कूलों की व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग तस्वीर सामने आ रही है। एक तरफ जहां सरकारी स्कूलों में अधिकतर कक्षाओं की किताबें पहुंच चुकी हैं। वहीं दूसरी तरफ, निजी स्कूलों में विद्यार्थियों के बस्ते का वजन और खर्च दोनों लगातार बढ़ रहे हैं। कई स्कूलों में निजी प्रकाशकों की किताबें लागू की गई हैं, जो एनसीईआरटी की तुलना में कई गुना महंगी हैं। इससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
जिले के 416 सरकारी विद्यालयों में पहली से आठवीं कक्षा तक की किताबों की मांग भेजी गई थी। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाष चंद्र भारद्वाज के अनुसार करीब 90 प्रतिशत स्कूलों में छठी कक्षा को छोड़कर सभी कक्षाओं की पुस्तकें पहुंच चुकी हैं। स्कूल प्रमुखों ने भी इसकी पुष्टि की है। हालांकि कई जगहों पर मांग के अनुरूप किताबें पूरी तरह नहीं पहुंची हैं। छठी कक्षा की पुस्तकों में देरी का मुख्य कारण इस बार पाठ्यक्रम में किया गया बदलाव है। नए पाठ्यक्रम के अनुसार किताबें तैयार होने और आपूर्ति में समय लग रहा है। अधिकारियों का कहना है कि एक से दो दिन में शेष पुस्तकों की आपूर्ति भी पूरी कर दी जाएगी।
अभिभावकों की प्रतिक्रिया-
अभिभावक जितेंद्र कुमार ने बताया कि उनके दो बेटों (सातवीं व आठवीं) की किताबों का सेट 2630 और 2670 रुपये का है, जबकि कॉपियों का खर्च अलग है।
वहीं जोगेंद्र सिंह ने बताया कि पहली कक्षा में पढ़ने वाले उनके बेटे की किताबों और कॉपियों का सेट 4400 रुपये में आया, जो काफी महंगा है।
वर्जन-
अधिकतर स्कूलों में किताबें पहुंच चुकी हैं। छठी कक्षा का पाठ्यक्रम बदलने के कारण नई पुस्तकें आने में थोड़ा समय लग रहा है। जल्द ही सभी विद्यार्थियों को पुस्तकें उपलब्ध करवा दी जाएंगी। निजी स्कूलों को भी एनसीईआरटी की पुस्तक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
- सुभाष चंद्र भारद्वाज, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, पानीपत।