रेल ट्रैक की जांच करती आरपीएफ टीम। रेलवे
- फोटो : 1
पानीपत। दिल्ली-अंबाला रेल लाइन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मुख्यालय से मिले निर्देशों के बाद शुक्रवार को पानीपत रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान प्लेटफॉर्म, यार्ड और रेल ट्रैक सहित स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों की गहन जांच की गई।
आरपीएफ की टीम स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म पर यात्रियों और उनके सामान की जांच कर रही है। इसके अलावा स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर रेल ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन के माध्यम से भी की जा रही है।
आरपीएफ प्रभारी दिनेश कुमार मीणा ने बताया कि मुख्यालय से दिल्ली-अंबाला रेल लाइन को बम से उड़ाने संबंधी सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्टेशन, प्लेटफॉर्म, यार्ड और रेल ट्रैक की व्यापक जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्रियों के सामान की भी तलाशी ली गई। साथ ही संदिग्ध प्रतीत होने वाले कुछ युवकों से पूछताछ की गई। हालांकि जांच के दौरान किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है।