पानीपत। शहर में होटल और कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी बरती जा रही है। कई स्थानों पर बिना नगर निगम से नक्शा पास कराए और दमकल विभाग से एनओसी लिए ही भवनों को होटल और कोचिंग सेंटर का रूप दे दिया गया है। जांच में कहीं एक्सपायर हो चुके फायर फाइटिंग सिलिंडर मिले तो कहीं आपातकालीन निकास (एग्जिट) के दिशा-निर्देश तक नहीं पाए गए। बीच रास्ते में ही फर्नीचर डालकर रिसेप्शन तक बना दिया गया।
दिल्ली में हाल ही में हुए हादसे के बाद दमकल विभाग ने शहर में जांच अभियान तेज कर दिया है। विभाग ने शुक्रवार को तीन होटल संचालकों को नोटिस जारी किए, जबकि पिछले दो दिनों में कुल सात संचालकों को नोटिस दिए जा चुके हैं। इससे पहले पिछले महीने 29 होटल संचालकों को नोटिस जारी किए गए थे।
शहर में बस स्टैंड और प्रमुख चौक-चौराहों के आसपास होटल की संख्या अधिक है। पुराना बस स्टैंड के सामने बिश्नस्वरूप कॉलोनी में ही करीब 15 होटल संचालित हो रहे हैं, जबकि असंध रोड और जीटी रोड क्षेत्र में कई मकानों को अवैध रूप से होटल में तब्दील कर दिया गया है। कई कोचिंग सेंटर भी इसी तरह नियमों की अनदेखी कर संचालित हैं, जहां 300 से 500 छात्र पढ़ रहे हैं।
दमकल अधिकारियों के अनुसार, जिले में करीब 250 होटल और कोचिंग सेंटर हैं, जिनमें से केवल 25 से 30 के पास ही फायर एनओसी मौजूद है।
ग्राउंड रिपोर्ट
एक
असंध रोड रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक गली में मकान को होटल में बदल दिया गया है। यहां प्रवेश के लिए बेहद संकरा रास्ता है और ऊपर ही रिसेप्शन बना दिया गया है। फायर सेफ्टी उपकरण, रेत की बाल्टियां और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं मिली। पानी की एक ही टंकी से पूरी आपूर्ति की जा रही है।
दो
बिश्नस्वरूप कॉलोनी में एक होटल की सीढ़ियां सीधे मुख्य सड़क से लगाई गई हैं। यहां फायर सिलिंडर दो महीने पहले ही एक्सपायर हो चुका है। एग्जिट साइन भी नहीं लगाए गए हैं और आग से बचाव की कोई अतिरिक्त व्यवस्था नहीं मिली।
तीन
जीटी रोड स्थित अनाज मंडी मोड़ के पास एक होटल में फायर सिलिंडर के संचालन की स्थिति भी सही नहीं पाई गई। स्टाफ उसे चलाने में असमर्थ रहा। यहां भी होटल के पास फायर विभाग की एनओसी उपलब्ध नहीं मिली।
30 दिन में सुधार का मौका
दमकल विभाग के लीडिंग फायरमैन अमित गोस्वामी ने बताया कि तीन होटल संचालकों को नोटिस देकर 30 दिन में कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले चार अन्य संचालकों को भी नोटिस दिए गए थे। जवाब न मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
शहर में होटल की जांच की जा रही है। कमी मिलने पर संचालकों को नोटिस दिए जा रहे हैं। दो दिन में सात होटल संचालकों को नोटिस दिए गए हैं। कोचिंग सेंटर की भी जांच की जाएगी। -गुरमेल सिंह, जिला अग्निशमन अधिकारी।
एक होटल में अग्निशमन की जानकारी लेते लीडिंग फायरमैन अमित गोस्वामी। स्रोत : स्वयं- फोटो : 1
एक होटल में अग्निशमन की जानकारी लेते लीडिंग फायरमैन अमित गोस्वामी। स्रोत : स्वयं- फोटो : 1