फोटो-19 , 24 और 28
कांग्रेस परिवार से अधिक नहीं सोच पा रही : नड्डा
भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास हासिल कर आगे बढ़ने को तैयार
कार्यकर्ताओं को अपनी मजबूती और कमजोरियों को पहचानकर कार्य करने की नसीहत
संघ की नीतियों और सरकार के कार्यों को लेकर चुनावी रण में उतरने को तैयार है पार्टी
भारतीय जनता पार्टी ने पानीपत से मिशन-2024 का फूंका बिगुल, अभी से जुटने का आह्वान
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई आइडियोलॉजी नहीं है। वे परिवार से अधिक नहीं सोच पा रही, लेकिन हमें सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास हासिल कर आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि जो काम हम चुनाव के समय करते हैं, वे अभी से करना होगा। अपनी मजबूती और कमजोरियों को पहचानकर आगे बढ़ना होगा। सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना होगा। वे रविवार को पट्टीकल्याणा स्थित सेवा साधना एवं विकास केंद्र में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
भारतीय जनता पार्टी ने पानीपत से मिशन-2024 का बिगुल फूंक दिया है। इसके तहत पट्टीकल्याणा स्थित सेवा साधना एवं विकास केंद्र में प्रदेश के 14 जिलों के शक्ति केंद्र प्रमुखों संग बैठक की गई। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि अच्छी-अच्छी बातें तो सब करेंगे, लेकिन कमजोरियां कौन बताएगा? ये भी ध्यान रखना है। हम कई बार लोगों से पूछते हैं बताओ तुम्हारे ग्रुप की संख्या कितनी है। जवाब आता है 1100 से 12 सौ। उनकों यही नहीं समझ आ रहा कि 11 और 12 सौ में कितना अंतर है, जबकि लड़ाई ही पांच या दस वोट की होती है। इसके लिए तीन या चार चुनावों के नतीजे देखने जरूरी हैं। अगर चारों में आगे हैं तो ए ग्रेड है और अगर चारों में पीछे हैं तो डी ग्रेड है। इसी के अनुसार हमें रणनीति बनानी होगी।
इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी ने भी शिरकत की। बैठक में संघ की नीतियों और सरकार के कार्यों संग जनता के बीच जाने का आह्वान किया गया। करीब आठ घंटे चली बैठक में 95 प्रतिशत शक्ति केंद्र प्रमुख शामिल हुए। साथ ही छह लोकसभा के सांसदों और विधायकों सहित करीब तीन हजार पदाधिकारी उपस्थित रहे। समालखा के पट्टीकल्याणा स्थित सेवा साधना एवं विकास केंद्र में संघ की 12 से 14 मार्च तक चली बैठक के बाद अब भाजपा की बैठक मिशन-2024 के लिए अहम मानी जा रही है।
किसानों को आंकड़ों सहित देनी होगी योजनाओं की जानकारी
नड्डा ने कहा कि हमें की-वोट पर ध्यान रखना है। धार्मिक नेताओं, एनजीओ और सेल्प हेल्प ग्रुप से संपर्क करना है। साथ ही स्पोर्ट्स क्लब और अखाड़ाें में संपर्क करना है। व्यक्ति आधे-अधूरे से नहीं पूरा काम करने से नेता बनता है। हमें स्वाध्याय करना होगा। किसानों को योजनाओं के संबंध में आंकड़ों सहित बताना होगा। ये आंकड़े सभी के पास होने चाहिए।
नए लोगों को जोड़कर पार्टी को और बड़ी बनाना होगानड्डा ने कहा कि हरियाणा में देश का सबसे बड़ा कैंसर सेंटर झज्जर में है। वहीं नेशनल हाईवे के 30 प्रस्ताव हैं। इन पर 30 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। हिसार, कुरुक्षेत्र व सोनीपत में स्पोर्ट्स सेंटर बनाए जा रहे हैं। एमएसपी देने में हरियाणा नंबर वन है। इन विकास की नीतियों को जनता के बीच लेकर जाने की जरूरत हैं। भाजपा को और बड़ी पार्टी बनाना है। नए लोगों को पार्टी से जोड़ना होगा।
सिद्धांत संग थ्री-सी पर प्रहार : मनोहर लाल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रात: काल के सत्र में कहा कि वर्तमान राज्य सरकार एक सिद्धांत पर कार्य करती है। साथ ही थ्री-सी पर प्रहार करती है। ये 3 सी हैं- करप्शन, क्राइम और कास्ट से जुड़ी राजनीति। सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी, कोई नागरिक गलत काम करता हुआ पाया गया तो कड़ी करवाई होती है। प्रदेश सरकार ने 5-एस शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वाभिमान, सुरक्षा और स्वालंबन पर जोर दिया है। हरियाणा में परिवार पहचान पत्र के माध्यम से पात्र नागरिकों को हर योजना का लाभ घर बैठे ही मिल रहा है।
योजनाओं पर फीडबैक के आधार पर उठाएंगे आगामी कदम : धनखड़ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ प्रथम सत्र के बाद मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि छह लोकसभा क्षेत्र के 14 जिलों के शक्ति केंद्र प्रमुखों की बैठक में 95 प्रतिशत हाजिरी रही। यहां हॉल की कैपेसिटी न होने पर दो चरणों में बैठक करने का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि पीएम के मन की बात का 99वां एपीसोड 26 मार्च और 100 वां 30 अप्रैल को होगा। 26 मार्च को प्रदेश में 78सौ स्थानों पर कार्यक्रम सुनकर इसकी जिओ टैगिंग कर अपलोड की जाएगी। इसके साथ सरकार की योजनाओं को लेकर लाभार्थियों से फीडबैक लिया जाएगा। इस फीडबैक के आधार पर आगामी कदम उठाए जाएंगे। पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत बनाया जाएगा।