पानीपत। वार्ड-16 की पार्षद रजनी गुप्ता के पति भाजपा नेता सुरेंद्र गर्ग पर शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे निजी सफाई एजेंसी पीसीसी के सुपरवाइजर ने किशनपुरा स्थित कार्यालय में घुसकर हमला कर दिया। सुपरवाइजर के साथ उसका भाई और परिवार के सदस्य भी साथ थे। हमलावरों ने पार्षद पति की आंख पर कांच का वजनी सामान दिया। उनकी आंख में गहरी चोट लगी है।
उनको जीटी रोड संजय चौक स्थित आईबीएम अस्पताल में दाखिल कराया है। शहरी विधायक प्रमोद विज और भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने उनका हालचाल जाना। वहीं पीसीसी एजेंसी के अधिकारियों ने सुपरवाइजर को कई दिन पहले नौकरी से हटा देने की बात कही है।
सुरेंद्र गर्ग के सहयोगी प्रवीण ने बताया कि सफाई एजेंसी पीसीसी का सुपरवाइजर सिद्धार्थ नगर का मोहित काम में लापरवाही कर रहा था। वार्ड में लोगों की भी शिकायत आ रही थी। उन्होंने मोहित को बदलने की कही थी। वे शुक्रवार शाम करीब सवा पांच बजे किशनपुरा के अपने कार्यालय में बैठे थे। इसी समय सुपरवाइजर मोहित और उनके परिवार के सदस्य आ गए।
उन्होंने आते ही सुरेंद्र गर्ग के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। उनकी आंख पर कांच का वजनी सामान मार दिया। हमलावरों ने कार्यालय में मौजूद दूसरे लोगों के साथ भी बदसलूकी की। उनको तुरंत जीटी रोड संजय चौक स्थित आईबीएम अस्पताल में दाखिल कराया। शहरी विधायक प्रमोद विज और भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट समेत निगम के कई पार्षद अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से जानकारी ली। डॉ. गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी आंख में गहरी चोट आई है। किशनपुरा चौकी पुलिस ने बयान दर्ज कर लिए हैं।