संवाद समाचार एजेंसी
समालखा। डिकाड़ला गांव में 10 जून को हुए तिहरे हत्याकांड में मारे गए अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र डिकाड़ला के परिजनों से मिलने शनिवार सुबह मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनिंदर सिंह बिट्टा उनके आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मनिंदर सिंह बिट्टा ने नरेंद्र डिकाड़ला को याद करते हुए कहा कि वह उनके छोटे भाई जैसे थे। दोनों के बीच केवल संगठनात्मक नहीं, बल्कि पारिवारिक संबंध भी थे। उनकी हत्या उनके लिए व्यक्तिगत रूप से बेहद पीड़ादायक है।
उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन से मामले में नामजद सभी फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। बिट्टा ने कहा कि मामले की अदालत में मजबूती से पैरवी की जाएगी और दोषियों को सजा दिलाने तक वह स्वयं पूरे घटनाक्रम की निगरानी करेंगे।
उन्होंने कहा कि गांवों में इस तरह की हिंसक घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। पहले आपसी विवाद बड़े-बुजुर्ग और पंचायतें सुलझा देती थीं, लेकिन अब सामाजिक संस्कार और भाईचारा कमजोर पड़ता जा रहा है। यदि समय रहते अपराध पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो समाज का ताना-बाना बिखर सकता है। ऐसे अपराधों को रोकने के लिए समाज को अपनी सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों की ओर लौटना होगा।
दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी की गिरफ्तारी की मांग
मृतक नरेंद्र डिकाड़ला के बड़े भाई वीरेंद्र डिकाड़ला ने बताया कि इस हत्याकांड में 9 से 10 लोगों को नामजद किया गया है। इनमें से पुलिस अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उन्होंने पुलिस की अब तक की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। वीरेंद्र ने कहा कि परिवार को पुलिस की जांच और न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है तथा उन्हें उम्मीद है कि सभी दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होगी।