इसराना। पानीपत-गोहाना हाईवे पर एनसी मेडिकल कॉलेज के पास बुधवार देर रात बाइक सवार की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इसराना के पास एक निजी अस्पताल लाया गया। जहां से उसे पानीपत के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। हादसा बाइक चालक का संतुलन बिगड़ने से हुआ। इसराना थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
मिली जानकारी के अनुसार कर्ण उर्फ सोनू (25) वासी पुगथला अपने फुफेरे भाई अमित वासी सिवानामाल के साथ बाइक पर सवार होकर बुधवार देर रात पानीपत से इसराना की तरफ आ रहा था। वे एनसी मेडिकल कॉलेज के पास पहुंचे तो अचानक संतुलन बिगड़ने से उनकी बाइक हाइवे पर डिवाइडर से टकरा कर गिर गई। हादसे में कर्ण उर्फ सोनू की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसका फुफेरा भाई अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। इसराना थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। अमित का इलाज पानीपत के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।