गांव बडौली की मिस्त्री मार्केट के पास सोमवार सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे में एक बाइक आगे जा रहे कैंटर से जा टकराई। जिसमें बाइक चालक युवक की मौत हो गई जबकि उसके पीछे बैठक युवक को भी गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के कैंटर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के उपरांत उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया है। वहीं युवक के शव को भी पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवाया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
जिला कुरुक्षेत्र के अंतर्गत गांव अमीन तहसील थानेसर निवासी 35 वर्षीय गुलाब सिंह पुत्र नरसिंह ने बताया कि वह बिजली बोर्ड में कार्यरत है। सोमवार को सुबह करीब 5 बजे वह तथा प्रदीप पुत्र दर्शपाल निवासी अमीन बाइक पर सवार होकर किसी काम से सोनीपत व दिल्ली जा रहे थे। बाइक को प्रदीप चला रहा था जबकि वह पीछे बैठा था। जीटी रोड पर बाइक चलाते हुए जब वह गांव बडौली के सामने मिस्त्री मार्केट के नजदीक करीब साढ़े 6 बजे पहुंचे तो उनके आगे-आगे कैंटर चल रहा था। कैंटर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिसकी वजह से उनकी बाइक फोर व्हीलर के पीछे जा लगी। जिस पर वह तथा प्रदीप बाइक सहित सड़क पर गिर गए तथा उन्हें काफी चोटें आई। हादसा होने के बाद कैंटर चालक अपना वाहन मौके पर ही छोड़कर भाग गया। घायल प्रदीप को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद प्रदीप को मृत घोषित कर दिया।