पानीपत। बिजली विजिलेंस की छापेमार कार्रवाई में सनौली रोड स्थित सब्जी मंडी में एक फ्रूट आढ़ती बिजली चोरी करते पकड़ा गया। छापे के दौरान बिना मीटर के दुकान में बिजली चोरी मिली। आढ़ती पर 80 हजार के करीब का जुर्माना ठोका गया है। इसके साथ ही 27 अन्य घरों में भी बिजली चोरी पकड़ी है। इन पर छह लाख का जुर्माना ठोका है।
बिजली विजिलेंस के डीएसपी सतीश वत्स और मॉडल टाउन सब डिविजन के एसडीओ अश्विनी कौशिक को सूचना मिली कि शहरी सब डिविजन के अंतर्गत कई लोग बिजली चोरी कर रहे हैं। उन्होंने टीम गठित कर दी। विजिलेंस टीम भी शामिल कर दी। एसडीओ अश्विनी कौशिक ने टीम के साथ जाटल रोड पर दूध की डेरी पर छापा मारा। वहां पर बिजली चोरी मिली। डेरी संचालक पर करीब 70 हजार रुपये का जुर्माना ठोका है। काबड़ी रोड से 13 बिजली चोरी पकड़ी। यहां से टीम सनौली रोड सब डिविजन के अंतर्गत सनौली रोड की सब्जी मंडी में पहुंची। यहां एक फ्रू्ट्स आढ़ती बिजली चोरी करते मिला। उस पर 80 हजार रुपये जुर्माना लगाया। न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक घर में दो एसी डायरेक्ट चलते मिले। इस पर डेढ़ लाख रुपये जुर्माना ठोका। सनौली सब डिविजन के अंतर्गत चार चोरियां पकड़ी गईं। किला सब डिविजन के अंतर्गत 10 स्थानों पर बिजली चोरी मिली।
टीम को इसराना में एक शराब के ठेके पर बिजली चोरी मिली। ठेकेदार पर डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। विजिलेंस द्वारा 14 अन्य जगहों से भी बिजली चोरी पकड़ी है। यह कार्रवाई विजिलेंस के डीएसपी सतीश वत्स की गठित टीम ने की। 14 घरों में बिजली चोरी मिली। बिजली चोरों पर 3 लाख के करीब का जुर्माना ठोका है।
मतलौडा में छापे, 10 घरों में मिली चोरी
विजिलेंस और बिजली निगम की टीम ने मतलौडा में भी छापे मारे। टीम ने 18 घरों में चेकिंग की। इनमें से 10 घरों में बिजली चोरी मिली। चोरों पर करीब दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। मतलौडा और ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोगों द्वारा कुंडी लगाकर बिजली चोरी को अंजाम दिया जा रहा था।