पानीपत। पालिका बाजार नगर निगम कार्यालय की पार्किंग का ठेका अब दोबारा होने जा रहा है। इसके लिए निगम अधिकारियों ने 18 मई तय की है। पार्किंग के ठेके की बोली खुली होगी।
बता दें कि पार्किंग के ठेके का समय पूरा होने और यहां से बार-बार मिल रही शिकायतों के बाद निगम अधिकारियों ने इसका ठेका दोबारा करवाने का फैसला लिया है। कुछ दिन पहले स्वयं पार्षद तक निगम आयुक्त से इस ठेके की शिकायत करने पहुंचे थे। उप निगम आयुक्त जितेंद्र कुमार ने बताया कि पार्किंग केवल निजी वाहनों के लिए होगी, इसमें सरकारी गाड़ियां निशुल्क रहेंगी।
वहीं, निगम के अधिकारी, जिला प्रशासनिक अधिकारी, मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर, विधायक, सांसद की गाड़ियों को शुल्क नहीं लगेगा। वहीं, जो रेट गाड़ियों की पार्किंग का तय किया जाएगा अगर ठेकेदार ने इससे ज्यादा की पर्ची काटी तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। ये सभी शर्तें ठेके से पहले भागीदारी करने वालों को सुना दी जाएंगी।