पानीपत। पिछले 10 वर्षों से डायर्स एसोसिएशन के प्रधान भीम राणा ने सोमवार को सेक्टर 25 स्थित निजी होटल में एसोसिशन की बैठक में अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने एसोसिएशन के सरपरस्त राजपाल सहरावत को इस्तीफा सौंपा। अब एसोसिएशन के सरपरस्त नया प्रधान चुनने के लिए जल्द बैठक बुलाएंगे।
भीम राणा को 2013 में प्रधान चुना गया था। उन्हें 2022 में तीसरी बार प्रधान चुना गया था। अभी उनके कार्यकाल के दो साल बचे हैं। भीम राणा ने बताया कि उन्होंने 10 साल से डायर्स की लड़ाई लड़ी है। वह भविष्य में भी डायर्स के संघर्ष में साथ रहेंगे, लेकिन अब वह हरियाणा एनवायरमेंट मैनेजमेंट सोसायटी के प्रधान हैं। सोसायटी के कामों में अधिक व्यस्त हैं। अपने व्यापार के कारण भी एसोसिएशन को समय नहीं दे पा रहे थे। इसलिए कार्यकाल के बीच में ही पद से इस्तीफा दे रहे हैं। बैठक में मुकेश रेवड़ी, नितिन अरोड़ा, राजेश जैन, संजीव अरोड़ा, भारत बांगा, दर्पण चावला व राम प्रताप गुप्ता मौजूद रहे।
औद्योगिक नगरी की मांग को डाई हाउस पूरा करते हैं। यहां धागे या कपड़े की रंगाई की जाती है। जिले में करीब 650 डाई हाउस हैं। अकेले सेक्टर-29-पार्ट टू में 450 डाई हाउस हैं। सरकार ने 2001 में यहां सेक्टर काटा था। शुरुआत में डाई हाउस संचालकों ने सड़क, बिजली व पानी को लेकर संघर्ष किया था। अब स्थिति कुछ सामान्य है। डाई हाउस संचालक कॉमन बॉयलर और एसटीपी से ट्रीट पानी की मांग उठा रहे हैं। इसे लेकर गत दिनों उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के साथ बैठक भी की है।