पानीपत। वार्ड नंबर 15 के संजय पार्क में लगा ट्यूबवेल पिछले तीन दिनों से खराब पड़ा है। इसकी वजह से किशनपुरा और संजय कॉलोनी के लोगों की पेयजल सप्लाई बंद हो गई है। लोग पीने के पानी को भी तरस रहे हैं। सोमवार को सहयोग परिवार के पानी के टैंकर से लोगों की प्यास तो बुझाई गई, लेकिन लोग नहाने-धोने के लिए भी पानी का इंतजार करते दिखे। ट्यूबवेल खराब होने से किशनपुरा बाजार से लेकर मेहता वाली गली, खेड़े वाली गली, कबीर मंदिर वाली गली, गौतम स्कूल वाली गली और डाकखाना वाली गली में पीने का पानी तक नहीं है।
स्थानीय लोगों में राकेश, विजय, रामबीर, धर्मसिंह, कमला आदि ने बताया कि गर्मी के मौसम में पीने तक का पानी न मिलना, इससे बड़ी व्यथा क्या हो सकती है। बार बार निगम अधिकारियों और नेताओं से गुहार लगाने के बाद भी पेजयल सप्लाई चालू नहीं हो सकी। लोग पीने के पानी तो तड़प रहे हैं। कोई वाटर कैंपर मंगवा रहा है तो कोई पीने के पानी की बोतल खरीद के काम चला रहा है। लोग निगम को टैक्स देते हैं लेकिन बावजूद इसके हमें पीने का पानी तक नहीं मिल रहा।
लोगों ने बताया कि पीने के पानी के लिए लाइन में लगना पड़ता है। एरिया बड़ा है और टैंकर की क्षमता कम है। इसलिए दो तीन बार टैंकर आए तो काम चल सकता है। पानी भरने के लिए उन्हें अपनी जरूरी काम तक छोड़ने पड़ते हैं।
करवाएंगे समाधान : पार्षद
पीने के पानी की शिकायत अधिकारियों तक पहुंचा दी गई थी। इसके तुरंत बाद ट्यूबवेल को ठीक करवा दिया गया।
- सुमन छाबड़ा, पार्षद, वार्ड 15