इसराना। एसजीएफआई चैंपियनशिप के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक विजेता वंश जागलान का बुधवार को गांव में स्वागत किया गया। उन्होंने 24 से 26 सितंबर को भीम स्टेडियम भिवानी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के बास्केटबॉल में जिले की टीम का प्रतिनिधित्व किया था। वे डीएवी सेंचुरी पब्लिक स्कूल की दसवीं कक्षा में पढ़ते हैं। वंश जागलान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच अनमोल व अपने पिता राजेश जागलान को दिया है।
वंश ने बताया कि उनके पिता राजेश जागलान तीन बार स्कूली नेशनल में कुश्ती खेल चुके हैं। इनमें दो बार कांस्य व एक बात रजत जीता था। पिता के सहयोग व प्रेरणा से वह खेलों की तरफ अग्रसर हो पाया। उनका लक्ष्य राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टीम का हिस्सा बन देश के लिए पदक लाना है। कार्यक्रम में भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष धर्मपाल जागलान व आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान जयकरण जागलान ने वंश को सम्मानित किया। इस मौके पर वीरेंद्र जागलान व राजेश जागलान मौजूद रहे।