पानीपत। सनौली यमुना नदी के घाट पर फैली अव्यवस्थाओं को ठीक करने के लिए दोनों प्रदेशों का प्रशासन हरकत में आ गया है। प्रशासन की ओर से जहां यमुना घाट पर सफाई कराई दी है वहीं बैरिकेडिंग भी करा दी है। बैरिकेडिंग के बाद शिवभक्तों के स्नान के दौरान हादसे की संभावनाएं नहीं रहेंगी। साथ ही घाट पर सफाई के लिए इंतजाम किए गए है।
सनौली यमुना घाट के साथ लगते यमुना के दूसरे किनारे पर कैराना क्षेत्र से सनौली यमुना बार्डर की ओर हरियाणा और राजस्थान के हजारों कांवड़िये गुजरते हैं। गंतव्यों की ओर प्रस्थान करने के दौरान सनौली हरियाणा-यूपी बॉर्डर पर यमुना नदी में स्नान करते हैं। अभी तक कांवडयों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ने लगी है। इसके बावजूद भी सनौली यमुना घाट पर गंदगी पसरी हुई थी। साथ ही कोई बैरिकेडिंग नहीं कराई गई थी। जिसके चलते हादसे की आशंका बनी थी। मामला संज्ञान में आने के बाद प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। जिसके बाद रविवार को यमुना के दोनों किनारों के यमुना स्नान घाट पर सफाई करा दी गई है। वहीं, यमुना नदी में बैरिकेडिंग भी कराई गई है। जिससे कांवडि़ए बैरिकेडिंग के अंदर सुरक्षित ढंग से स्नान करेंगे। वहीं, यमुना घाट पर चेतावनी बोर्ड भी लगा दिए गए है। इस दौरान गोताखोर साजिद, बिल्लू, मुस्तकिम व जल पुलिस टीम इंजन बोट मशीन के साथ तैनात हैं।