-दिन में 280 शाखाओं में हुआ लेनदेन, एटीएम भी किए गए फुल
-बैंक कर्मियों ने आज से तीन दिन की हड़ताल का किया था एलानमाई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर सरकारी बैंकों में सोमवार से होने वाली तीन दिन की हड़ताल टल गई। रविवार देर रात इंडियन बैंक एसोसिएशन और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच छुट्टियों की मांग को लेकर कमेटी बनाने पर सहमति बनने के बाद हड़ताल वापस लेने पर सहमति बन गई है। सोमवार को सामान्य दिनों की तरह बैंक खुलने की संभावना है। इससे पहले हड़ताल की घोषणा के कारण साप्ताहिक अवकाश के दिन रविवार को बैंक खुले रहे और इनमें दिनभर लेन-देन चलता रहा। हालांकि सामान्य दिनों की अपेक्षा कम ही लोग बैंकों में पहुंचे थे।
सामान्य दिनों की तरह रविवार को सुबह 10 बजे बैंक खुल गए। लोग सुबह ही अपने दैनिक कार्य निपटाने के लिए आने लगे। दोपहर के समय बैंकों में उपभोक्ताओं की संख्या अधिक रही। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की जीटी रोड स्थित शाखा में पूरा दिन लेन-देन चला। इसके अलावा अन्य शाखाओं में भी सामान्य रूप से कामकाज किया। बैंकों की ओर से एटीएम में पर्याप्त कैश लोड किया गया।
यूएफबीयू तीन प्रमुख मांगें
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर बुलाई गई इस हड़ताल काे जिले की लगभग 280 सरकारी बैंक शाखाओं के करीब 2500 कर्मचारियों और अधिकारियों का समर्थन प्राप्त था। पीएनबी की मंडल अध्यक्ष एवं यूएफबीयू की जिला सचिव प्रियंका भारद्वाज ने बताया था कि बैंक कर्मचारियों का मुख्य मुद्दा सप्ताह में केवल पांच दिन काम (फाइव-डे बैंकिंग) लागू करने और सभी शनिवारों को आधिकारिक छुट्टी घोषित करने की मांग है। देर रात इन तीनों मांगों पर इंडियन बैंक एसोसिएशन और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच सहमति बन गई।
उपभोक्ताओ ने रविवार को बैंक खोलने के फैसले को सराहा
उपभोक्ताओं ने रविवार को काम चालू रखने के निर्णय की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि सरकार और यूनियनों के बीच बातचीत से जल्द समाधान निकाल लिया जाएगा। आजाद नगर के अमित शर्मा ने बताया कि अपने जीवन में पहली बार रविवार को बैंक खुले देखे हैं। आगामी तीन दिन बैंक बंद रहने की खबर से चिंता थी, लेकिन आज काम निपटने से बड़ी राहत मिली है।
रामलाल चौक निवासी सुनीता देवी ने बताया कि रविवार को बैंक खोलकर प्रशासन और कर्मचारियों ने बहुत अच्छा कदम उठाया है। त्योहारों का समय करीब है, ऐसे में तीन दिन की हड़ताल से आम जनता को बहुत परेशानी होती।
व्यापारी राकेश चुघ ने बताया कि रविवार को काम होने से हमारा व्यापारिक लेन-देन प्रभावित होने से बच गया। तीन दिन बैंक बंद रहने से कारोबार पर असर पड़ सकता था।
वर्जन:
यूनियन की तीन दिवसीय हड़ताल को ध्यान में रखते हुए रविवार को कार्यदिवस रखा गया था। सभी सरकारी बैंकों में सामान्य दिनों की तरह कामकाज हुआ और एटीएम भी लोड कर दिए गए हैं।
जितेंद्र, एलडीएम पानीपत।