समालखा। नई अनाज मंडी फेस-1 स्थित आढ़ती एसोसिएशन के चुनाव में वीरवार को मौजूदा प्रधान बलजीत सिंह रुहल को लगातार तीसरी बार सर्वसम्मति से प्रधान चुना गया। अनाज मंडी में दुकान नंबर-25 पर आयोजित आढ़तियों की बैठक में यह फैसला लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता सुरेंद्र सिंगला ने की, जबकि अनिल गर्ग ने प्रधान पद के लिए रुहल के नाम का प्रस्ताव रखा। इसका सभी आढ़तियों ने ध्वनिमत से समर्थन किया।
इसके बाद उन्हें सर्वसम्मति से अगले कार्यकाल के लिए प्रधान घोषित किया गया।प्रधान बलजीत सिंह रुहल ने कहा कि वे सभी को साथ लेकर मंडी के विकास के लिए कार्य करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस समय मंडी में सरसों और गेहूं की आवक शुरू हो चुकी है, लेकिन आढ़तियों के पास अभी तक पर्याप्त बारदाना नहीं पहुंचा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द बारदाने की व्यवस्था नहीं हुई तो खरीद प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
किसानों और आढ़तियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इस मौके पर परितेश सिंगला, दीपक गांधी, उमेश गर्ग, राजेश जैन, अनिल बंसल, पिंकी, पंकज गोयल, बाबूराम, सुनील राठी, ब्रह्मपाल, नरेंद्र, राजू, प्रवीण, बबलू व सुरेश बाली मौजूद रहे। संवाद