पानीपत। पुलिस के नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत बुधवार को जिले के दो और गांव बाल जट्टान व रेर कलां को नशा मुक्त घोषित किया गया है। पुलिस की इस घोषणा से जिले के नशा मुक्त गावों और वार्डों की संख्या अब 59 हो गई है। इसमें 53 गांव व छह कॉलोनियां शामिल हैं।
थाना सदर क्षेत्र के दोनों गांव में बुधवार को कार्यक्रम आयोजित कर उप पुलिस अधीक्षक राजबीर सिंह ने गांव के सरपंचों व उपस्थित मौजिज लोगों समेत युवा को इसकी बधाई दी। वहीं, नशे के खिलाफ जागरूक कर नशा न करने की शपथ दिलाई। उप पुलिस अधीक्षक राजबीर सिंह ने कहा कि अन्य ग्राम पंचायतें भी नशा मुक्त गांवों का अनुसरण कर अपने-अपने गांवों को नशा मुक्त करवाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। समाज से नशे को पूर्णरूप से खत्म करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सभी ग्राम पंचायतें, सामाजिक संस्थाएं तथा यूथ क्लब अपनी अग्रणी भूमिका निभाएं, ताकि समाज को पूरी तरह से नशा मुक्त किया जा सके। इस मौके पर थाना सदर प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार, गांव बाल जट्टान के सरपंच सुरेंद्र राठी, रेर कलां गांव के सरपंच हरदीप सिंह समेत दोनों गांव के मौजिज लोग मौजूद रहे।
उप पुलिस अधीक्षक राजबीर सिंह ने बताया कि जिले के प्रत्येक गांव व कॉलोनियों में ग्राम प्रहरी नियुक्त किए गए हैं। गांव की पंचायत व पुलिस टीम गांवों में सर्वे करती हैं और जो युवा नशे की चपेट में मिलते हैं उनकी काउंसिलिंग की जाती है। जरूरत पड़ने पर उपचार करवाया जाता है। टीम गांव में जागरूकता अभियान चलाती है, इसके बाद ग्रामीणों के साथ बैठक होती है। जिसमें तय होता है कि गांव में कोई युवा नशा नहीं ले रहा है और सप्लायर भी नहीं है। इसके बाद पंचायत के कहने पर गांव को नशा मुक्त घोषित कर दिया जाता है।