कुरुक्षेत्र। लाडवा। क्षेत्र के एक कॉलेज में छात्रा ने हॉस्टल में ही फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक छात्रा की पहचान करीब 20 वर्षीय प्रिया के रूप में हुई है जो हुड़िया खुर्द जिला अलवर राजस्थान की रहने वाली है। पुलिस ने छात्रा का शव कब्जे में ले लिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि प्रिया बी फार्मेसी तृतीय सेमेस्टर की पढ़ाई कर रही थी। हॉस्टल वार्डन ने उसे हॉस्टल के कमरे में ही फंदे पर लटका देखा तो कॉलेज प्रबंधन को सूचना दी इसके बाद पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया।
थाना बाबैन एस एच ओ जसवीर सिंह व जांच अधिकारी बलबीर दत्त टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छात्रा का शव कब्जे में लिया, जिसका आज पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
एस एच ओ जसू ने बताया कि फिलहाल छात्रा के परिजन नहीं पहुंचे हैं और शव थाने में ही रखा हुआ है। छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया यह अभी जांच का विषय है।