माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। ऑड-ईवन के विरोध में ऑटो और ई-रिक्शा यूनियन ने सोमवार को शहर में करीब ढाई घंटे तक चक्का जाम रखा। सुबह से कोई भी ऑटो चलाने के लिए सड़क पर नहीं आया। सभी जीटी रोड स्थित अनाज मंडी में एकत्र हुए। जहां से पैदल मार्च करते हुए जिला सचिवालय पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
ऑटो चालकों ने जिला सचिवालय में धरना दिया और प्रशासन पर एकतरफा फॉर्मूला लागू करने के आरोप लगाए। कांग्रेस ने भी ऑटो यूनियन का समर्थन किया और सरकार पर निशाना साधा। ऑटो चालकों की हड़ताल से शहर में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों इंतजार में खड़े रहे और पैदल तक चलना पड़ा।
यूनियन से जुड़े सभी चालक प्रदर्शन करते हुए पैदल जिला सचिवालय पहुंचे। जहां करीब दो बजे जिला सचिवालय पर धरने पर बैठ गए। ऑटो यूनियन के प्रधान नरेश डाहर ने कहा कि प्रशासन ने तुगलकी फरमान जारी किया है। ऑड-ईवन से ऑटो चालकों के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। ऑटो की किस्त और बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी नहीं निकल पा रहा। प्रशासन को इसे वापस लेना चाहिए। इस हड़ताल को आगे भी जारी रखा जाएगा। इस मौके पर यूनियन के कोषाध्यक्ष कमल शर्मा, महासचिव विनोद सिवाह, अर्जुन कुमार, सचिन वेद, धर्मपाल समालखा व परमजीत मौजूद रहे।
कांग्रेस व सीटू ने दिया समर्थन
ऑटो यूनियन के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस व सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन ने भी यूनियन को समर्थन दिया। पानीपत ग्रामीण जिला अध्यक्ष रमेश मलिक और विधान सभा में प्रत्याशी रहे सुशील कुंडू जिला सचिवालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों का उत्पीड़न कर रही है। सरकार ने यदि प्रशासन के इस फैसले को वापस नहीं लिया तो कांग्रेस आंदोलन करेगी।
धूप में सिर पर गठरी लेकर चले
ऑटो व ई-रिक्शा यूनियन की हड़ताल से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यात्री घंटों तक बसों का इंतजार करते रहे। सवारी न मिलने पर सिर पर सामान की गठरी रखकर गर्मी और धूप में पैदल यात्रा करनी पड़ी। बुजुर्गों व महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ी। श्रवण ने बताया कि उनके पास आटे का कट्टा था। ऑटो नहीं मिलने पर पैदल सामान ले जाना पड़ा। रणबीर ने बताया कि ऑटो नहीं मिलने पर असंध चौकी से लालबत्ती तक पैदल आना पड़ा। यहां तक बाइक चालकों से लिफ्ट लेनी पड़ी।
ऑटो से जबरन सवारी उतरवाई
एक-दो ऑटो चालक सवारी लेने पहुंचे तो यूनियन के कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। उन्होंने जबरन सवारियों को ऑटो और ई-रिक्शा से उतरवा दिया जिस कारण कई स्थानों पर नोकझोंक भी हुई। यूनियन ने जीटी रोड अनाज मंडी से सचिवालय तक करीब पांच किमी पैदल मार्च किया। इस दौरान जीटी रोड पर एक साइड जाम लग गया। घंटों तक वाहन चालक जाम में फंसे रहे। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क की एक साइड में चलने को कहा। जिससे वाहन चालकों को भी धीरे-धीरे निकाला गया।
प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ऑड-ईवन नियम लागू किया है। अब यह लागू रहेगा। ऑटो यूनियन से इस बारे में बात की जा रही है।
- सुरेश कुमार, डीएसपी यातायात
ऑटो चालकों के प्रदर्शन के दौरान जीटी रोड पर लगा भीषण जाम। संवाद
ऑटो चालकों के प्रदर्शन के दौरान जीटी रोड पर लगा भीषण जाम। संवाद
ऑटो चालकों के प्रदर्शन के दौरान जीटी रोड पर लगा भीषण जाम। संवाद
ऑटो चालकों के प्रदर्शन के दौरान जीटी रोड पर लगा भीषण जाम। संवाद