शहर के दुकानदार, व्यापारी और सामाजिक संगठन सुरक्षा की मांग के लिए सड़कों पर उतरे और डीसी और एसपी से मिलकर सुरक्षा की मांग की।
उन्होंने दुकानदार पर आए दिन हो रहे हमलों पर चिंता जताई। इस तरह के हमलावरों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात रखी। डीसी और एसपी ने बाजार एसोसिएशन को हर संभव कदम उठाने का भरोसा दिलाया।
शहर के बाजार एसोसिएशनों के प्रधान, दुकानदार, व्यापारी और सामाजिक संगठन वीरवार को लघु सचिवालय पर पहुंचे। उन्होंने पहले डीसी समीर पाल सरो और फिर एसपी राहुल शर्मा से मुलाकात की और दुकानदारों पर हो रहे हमलों में उचित कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों और दुकानदारों पर लगातार हमले हो रहे हैं। गत पंद्रह दिन में दो दुकानदारों पर हमले होना चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि पुलिस को इन मामलों में उचित कार्रवाई करनी चाहिए और शहर के बाजारों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करना चाहिए। उन्होंने पाल ट्रेवल्स और चावला स्पोर्ट्स पर हमले की निंदा की और सभी हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
व्यापारियों ने लघु सचिवालय में पहले डीसी के सामने बात रखी। वे एसपी के आने का इंतजार करते रहे और एसपी के आने पर अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि बाजारों में लंबे समय तक चोरी की वारदात हुई। व्यापारियों और दुकानदारों के मैदान पर आने के बाद चोरी थम सकी। अब दुकानदारों पर हमले होने लगे हैं। इस तरह से हमले होते रहे तो व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस को बाहर निकलना चाहिए। व्यापारी और दुकानदार उनका पूरा साथ देगा।
शहर के व्यापारी, दुकानदार और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी वीरवार सुबह जीटी रोड स्थित गुरुद्वारा पहली पातशाही में एकजुट हुए। उन्होंने यहां पर बैठक कर दुकानदारों और व्यापारियों पर हुए हमलों पर चिंता व्यक्त की और जीटी रोड से प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे।
इस दौरान जीटी रोड पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और वाहन चालकों को उमस के बीच गर्मी से जूझना पड़ा। इस मौके पर अनिल मदान, प्रेम बजाज, विनोद खंडेलवाल और पूर्व मेयर भूपेंद्र सिंह शामिल रहे।
दुकानदार और व्यापारियों ने 12 दिसंबर को चावला स्पोर्ट्स और 26 अगस्त को पाल ट्रेवल्स पर हुए हमलों को पुलिस के सामने रखा। उन्होंने कहा कि सुभाष बाजार स्थित चावला स्पोर्ट्स पर कुछ लोगों ने दिन में ही हमला कर दिया था। इसमें दुकानदार और उसकी पत्नी समेत तीन लोग घायल हो गए थे।
पुलिस इसमें अब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। 26 अप्रैल को जीटी रोड स्थित पाल ट्रेवल्स पर हमला कर दिया था। इसमें पाल ट्रेवल्स का संचालक गुरशरण सिंह समेत छह-सात लोग घायल हो गए थे। उन्होंने दोनों हमलों में उचित कानूनी कार्रवाई करने और बाकी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार करने की मांग की।