संवाद न्यूज एजेंसी
सनौली। नाके के पास मंगलवार रात को कैराना से लौट रहे एक्टिवा सवार जाटल रोड निवासी मुस्तफा (24) की कैंटर से कुचलने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई गुलफाम की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक मूल रूप से मुजफ्फरनगर के रहने वाले थे।
जाटल रोड गैस गोदाम वाली गली निवासी गुलफाम ने बताया कि उसका भाई मोहम्मद मुस्तफा एक्टिवा पर सवार होकर यूपी के कैराना गए थे। जहां से रात को वह लौटने लगे। जैसे ही वह सनौली नाके से कुछ आगे आए तो पीछे से आ रहे अनियंत्रित कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में मुस्तफा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बुधवार सुबह परिजन जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में पहुंच गए। गुलफाम ने कैंटर चालक पर लापरवाही से कैंटर चलाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
सनौली नाके के पास सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। मृतक के भाई की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
-वेदपाल, प्रभारी थाना सनौली