कैंसर इकाई का निरीक्षण करते डॉ. यशपाल वर्मा। स्रोत : विभाग
पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल में जल्द ही झज्जर स्थित राष्ट्रीय कैंसर संस्थान (एनसीआई) का कैंसर सेंटर शुरू किया जाएगा। अस्पताल में इसके लिए छह बेड का कैंसर वार्ड बनाया है। इसमें एम्स झज्जर के कैंसर की पहली और दूसरी स्टेज के मरीजों की कीमोथेरेपी की जाएगी। इसको 10 दिन में ही शुरू किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग के निदेशक (डीसीसी) डॉ. यशपाल वर्मा ने सोमवार को जिला नागरिक अस्पताल के कैंसर वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएमओ डॉ. विजय मलिक से इसकी रिपोर्ट ली। उनके साथ एनसीडी के नोडल अधिकारी डॉ. विशाल कौशिक साथ रहे। निदेशक ने निरीक्षण कर प्रत्येक सुविधा की जांच की और प्रशिक्षित एमओ डॉ. शिवांश के साथ बातचीत की और कीमोथेरेपी के लिए आवश्यक सुझाव दिए। उनको आगामी दस दिन तक अस्पताल में कैंसर वार्ड शुरू करने का आश्वासन दिया। जिले में एम्स झज्जर के कैंसर की पहली और दूसरी स्टेज के मरीजों की कीमोथेरेपी की जाएगी। निरीक्षण के समय सीएमओ डॉ. विजय मलिक, डिप्टी एनएचएम डॉ. रिंकू सांगवान, सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. शशिलता, एनसीडी के नोडल अधिकारी डॉ. विशाल कौशिक और कैंसर केयर यूनिट के नोडल अधिकारी डॉ. शिवांश मलिक उपस्थित रहे।
डॉ. शिवांश काे दिलाया विशेष प्रशिक्षण
जिला नागरिक अस्पताल में कीमोथेरेपी के लिए डॉ. शिवांश को झज्जर के एम्स से दो महीने का विशेष प्रशिक्षण दिलवाया है। अब उनका प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। उनके बाद दो स्टॉफ सदस्यों को भी झज्जर से प्रशिक्षण दिलाया है। यह स्टाफ कीमोथेरेपी चिकित्सक का सहयोग करेंगे। ऐसे में आगामी दस दिन में ही कैंसर यूनिट को शुरू किया जाएगा।
जिला नागरिक अस्पताल में अब तक कैंसर की प्राथमिक जांच व दवा ही दी जाती थी। अब मरीजों कैंसर यूनिट शुरू की जाएगी। डॉ. शिवांश को झज्जर एम्स में विशेष प्रशिक्षण दिलाया गया है। निदेशक ने यूनिट का निरीक्षण कर जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
डॉ. विजय मलिक, सीएमओ।