समालखा के बीएड कालेज के बाहर कुल्हाड़ी से छात्रा पर हमला करने वाले दोनों आरोपियों को घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस पकड़ नहीं पाई है।
वहीं, सोमवार को छात्रा के परिजनों ने विधायक शहर बलबीर पाल से न्याय की गुहार लगाई। परिजनों ने विधायक से आरोपियों से भविष्य में भी खतरे की बात भी कही। वहीं, एसपी ने 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
वार्ड-15 के पार्षद सुरेंद्र गर्ग की अगुवाई में हमले में घायल छात्रा के परिजन सोमवार को शहर विधायक बलबीर पाल शाह की कोठी पर पहुंचे।
विधायक के वहां न होने पर परिजनों ने विधायक के बेटे विक्रम शाह के सामने सारा मामला रखा और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रा और उसके परिवार के सदस्यों को हमलावरों से लगातार खतरा बना हुआ है। आरोपी किसी भी समय कुछ भी कर सकते हैं।
विक्रम शाह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी से बात की और आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। जिस पर एसपी ने 24 घंटे में आरोपियों पर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। विदित है कि 15 नवंबर को समालखा के मनाना मोड़ पर जीटी रोड स्थित कालेज के पास बाइक सवार दो युवकों ने बीएड छात्रा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था।
छात्रा के सिर और हाथ पर कुल्हाड़ी से वार किया गया था। जिससे वह गंभीर घायल हो गई थी और उसे अस्पताल में दाखिल कराया था।
छात्रा अपनी सहेली के साथ किशनपुरा स्थित अपने मकान से ऑटो में सवार होकर जा रही थी। एक हमलावर की पहचान विकास नगर निवासी सुमित के रूप में हो चुकी है और वह विकास पट्टी कल्याणा स्थित इंजीनियरिंग कालेज में पढ़ता है।
उसने छात्रा को दोस्ती के लिए प्रपोज किया था, लेकिन छात्रा ने इंकार कर दिया था, जिसके बाद सुमित ने अपने एक साथी की मदद से उस पर हमला कर दिया। समालखा चौकी पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।