पानीपत। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन की हड़ताल के दूसरे दिन बैंकों में लेन-देन प्रभावित होने के साथ राष्ट्रीयकृत बैंकों की एटीएम सेवा भी चरमरा गई।
उपभोक्ताओं को पैसों को लेकर पूरा दिन एटीएम के चक्कर काटते रहे। रकम निकलवाने को लोग एटीएम के चक्कर काटते रहे मगर उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। वहीं यूनियन ने सरकार की अनदेखी पर रोष व्यक्त किया।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन की मंगलवार को दूसरे दिन हड़ताल जारी रही। हड़ताल के चलते औद्योगिक नगरी के उद्यमी और व्यापारियों की मुश्किल बढ़ गई और कामकाज ठप हो गया। उद्यमियों व व्यापारियों के पास लेन-देन का दूसरा कोई जरिया नहीं रहा।
वहीं राष्ट्रीयकृत बैंकों के एटीएम भी हड़ताल के चलते खाली हो गए। एटीएम में पैसे न मिलने पर उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी और एक-दूसरे एटीएम के चक्कर लगाते रहे।
बैंकों की हड़ताल के चलते उपभोक्ता परेशान हो गए। मॉडल टाउन निवासी विजय व दीपक ने बताया कि बैंकों की हड़ताल में एटीएम सहारा थे, लेकिन मंगलवार को एटीएम पर भी पैसे नहीं मिले।
वे पैसे निकलवाने के लिए कई एटीएम के चक्कर काटते रहे, लेकिन कहीं पर भी पैसे नहीं मिले। सेक्टर-11 निवासी राजदीप व किशन ने बताया कि बैंकों की हड़ताल से उपभोक्ताओं को परेशानी होती है।
बैंक यूनियनों ने मंगलवार को दूसरे दिन भी हड़ताल रखी और सरकार की अनदेखी पर रोष व्यक्त किया। यूनियन बैंक स्टाफ यूनियन के महासचिव सीके अग्रवाल ने कहा कि सरकार उनकी मांगों को अनदेखा कर रही है।
वे कई बार केंद्र सरकार के सामने अपनी मांगों को रख चुके हैं, लेकिन सरकार आश्वासन देने के बाद भी मांगों को लागू नहीं कर रही।